नादौन में एक साथ उठी जेठानी-देवरानी की अर्थी, बदारन गांव में शोक की लहर, परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

नादौन के बदारन गांव में जेठानी और देवरानी की अर्थी जब एक साथ घर से उठी, तो हर किसी की आंख नम हो गई। परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो उठा। दोनों की चिता एक साथ लगाई गई। मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे शकुंतला देवी पत्नी स्व. ईश्वर दास की तबीयत घर पर अचानक खराब हो गई। परिजन उन्हें तुरंत नादौन अस्पताल ले गए, जहां उनका देहांत हो गया। शकुंतला देवी के पुत्र अध्यापक विजय कुमार ने बताया कि माता के देहांत की सूचना घर पर दी गई।
इसी दौरान उनकी चाची कमलेश कुमारी पत्नी स्व.अमर सिंह को भी पता चल गया। वह काफी देर तक रोती रहीं, करीब 11:30 बजे उनकी भी तबीयत अचानक खराब हो गई। उस समय शकुंतला देवी के अंतिम रस्मों की तैयारी आरंभ हो रही थी परंतु तबीयत खराब होने पर कमलेश कुमारी को भी तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका भी देहांत हो गया। पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने दोनों की मौत पर शोक व्यक्त किया है।
No comments