शक, झगड़ा और फिर हत्या. घर में मिली पत्नी की सिर कटी लाश, पति ने थाने पहुंचकर किया सरेंडर
पुलिस ने उसके पति रमानुष गोस्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था.
परिवार से संपर्क नहीं हुआ तो पुलिस को दी सूचना
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब 9:45 बजे परिवार के लोगों ने पुलिस से संपर्क किया. उन्होंने बताया कि रिया और उसके पति से काफी समय से संपर्क नहीं हो पा रहा था. सूचना मिलने के बाद हाटीगांव पुलिस की टीम तुरंत बोकिशपुर स्थित उनके घर पहुंची. घर के अंदर पुलिस को रिया का शव मिला. उसका सिर धड़ से अलग था. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे घर को जांच के दायरे में लिया और मौके पर CID तथा फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को बुलाया गया.
घर से जुटाए गए अहम सबूत
जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई नमूने और दूसरे सबूत जुटाए हैं. पुलिस अब इन सबूतों की जांच कर रही है, ताकि हत्या की पूरी कहानी और घटना के समय की स्थिति स्पष्ट हो सके. गुवाहाटी ईस्ट के DCP टी.आर. पेगु ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद टीम को मौके पर भेजा गया था. मामले की जांच वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है.
पति ने पुलिस के सामने किया सरेंडर
महिला की हत्या की जांच के बीच उसके पति रमानुष गोस्वामी ने देर रात दिसपुर पुलिस स्टेशन पहुंचकर सरेंडर कर दिया. इसके बाद उसे हाटीगांव पुलिस के हवाले कर दिया गया. फिलहाल पुलिस ने उसे हिरासत में रखा है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. जांचकर्ता आरोपी के बयान को घटनास्थल से मिले सबूतों और अन्य जानकारी से मिलाकर देख रहे हैं. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे वास्तव में क्या वजह थी और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं.
पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर होता था विवाद
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था. पुलिस के मुताबिक, गोस्वामी को अपनी पत्नी के किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था. बताया जा रहा है कि रविवार सुबह भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. पुलिस को शक है कि इसी विवाद के बाद गोस्वामी ने रिया पर धारदार हथियार से हमला किया. हालांकि पुलिस अभी हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम की पुष्टि करने में जुटी है.
No comments