पद्धर में बेटे ने तेजधार हथियार से मार डाला पिता, परिवार ने की सबूत छिपाने की कोशिश

पद्धर। उपमंडल पद्धर के चेली गांव में बेटे ने तेजधार हथियार से वार कर पिता को मौत के घाट उतार दिया। पद्धर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक पिता की पहचान मस्त राम सुपुत्र बुधू राम के रूप में हुई है। परिवार ने मामले को छुपाने के लिए मौका से साक्ष्यों को छुपाते हुए उसकी गिरकर मौत होने की साजिश रची।
मेडिकल रिपोट में हत्या का मामला सामने आने पर परिवार के किए पर पानी फिर गया। गुरुवार रात को मस्त राम के घर कुछ मेहमान आए थे। डिनर के बाद वह चले गए। घटना गुरुवार रात 11 बजे की बताई जा रही है। मस्त राम घर के आंगन में सोया था। देर रात तक वह परिवार को गाली गलौज कर रहा था।
बेटे ने पिता को चुप होने और सो जाने को कहा। वह नहीं माना जिस बात पर बेटे ने तैहश में आकर आंगन के कोने में रखे तेजधार बैहलू से पिता पर वार कर दिया। मस्त राम को सिर के पिछले हिस्से में बैहलू के वार की चोट लगी थी। उसका बिस्तर और आंगन खून से लत्पथ हो गया। शरीर से भारी मात्रा खून का रिसाव होने से उसकी तबीयत बिगड़ गई।
परिवार के सदस्य सुबह चार बजे उसे उपचार के लिए पद्धर अस्पताल ले गए जहां से उसे जोनल अस्पताल मंडी को रेफर जांदिया। मंडी अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने घटना स्थल का दौरा किया। फॉरेंसिक वैज्ञानिकों की टीम ने मौका से साक्ष्य जुटाए।
उधर, मृतक का नेरचौक मेडिकल कालेज में पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मृतक के भाई प्रेम सिंह के बयान पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। हत्या आरोपी बेटे दीपक कुमार उर्फ दीपू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस हत्या मामले की साक्ष्यों के साथ जांच कर रही है। डीएसपी पद्धर लोकेंद्र नेगी, थाना प्रभारी अनिल कटोच अपनी पूरी टीम के साथ घटना स्थल पर जांच में उपस्थित रहे।
No comments