'ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत.', BRICS समिट में मलेशियन PM ने छेड़ी किशोर कुमार की धुन, Video वायरल

नई दिल्ली के भारत मंडपम में शनिवार को ब्रिक्स डिनर की मेजबानी पीएम नरेंद्र मोदी ने की. लेकिन पूरी महफिल में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम छा गए. उन्होंने पियानो की धुन पर किशोर कुमार के गाने गाए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
दरअसल मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने BRICS समिट में बॉलीवुड का रंग भी जोड़ा. उन्होंने 1965 की फ़िल्म 'तीन देवियां' का मशहूर गाना 'ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत' गाया.
अनवर इब्राहिम का गाना गाते वीडियो वायरल
ब्रिक्स समिट के लिए भारत आए अनवर इब्राहिम को दिल्ली के एक होटल में यह क्लासिक हिंदी गाना गाते हुए देखा गया. इस गाने को एसडी बर्मन ने कंपोज किया था और मजरूह सुल्तानपुरी ने इसके बोल लिखे थे.
बता दें कि मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम हिंदी सिनेमा और उसके संगीत को पसंद करते हैं. उनकी यह दिलचस्पी भारत के साथ उनकी कूटनीतिक मुलाकातों में भी झलकती है. अनवर पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत के दौरान बॉलीवुड के प्रति अपना लगाव दिखा चुके हैं.
अनवर ने की भारत की सभ्यता-संस्कृति की तारीफ
पीएम मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान, अनवर ने यात्रा का एक आधिकारिक वीडियो मोंटाज शेयर किया था, जिसमें 'कभी खुशी कभी गम' फिल्म का मशहूर गाना 'बोले चूड़ियां' बज रहा था. भारत यात्रा के दौरान अनवर ने देश की सभ्यता, संस्कृति और इतिहास की भी तारीफ की. उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत और पाकिस्तान के बीच के अनसुलझे मुद्दों को सुलझा लिया जाएगा.
अनवर इब्राहिम की यह पहली भारत यात्रा
2022 में मलेशिया का प्रधानमंत्री बनने के बाद अनवर इब्राहिम की यह पहली भारत यात्रा है. इस यात्रा के दौरान, भारत और मलेशिया ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' (Comprehensive Strategic Partnership) के स्तर तक बढ़ाया और डिजिटल टेक्नोलॉजी व पर्यटन समेत कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए.
भारत और मलेशिया के रिश्तों में तनाव
2019 में भारत और मलेशिया के रिश्तों में तनाव आ गया था, जब तत्कालीन मलेशियाई प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद ने जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म करने के भारत के फैसले की आलोचना की थी. अनवर की इस यात्रा ने दोनों देशों के बीच संबंधों को मज़बूत करने की नई कोशिश को दर्शाया. 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक पहुँचने और अहम क्षेत्रों में समझौतों से द्विपक्षीय संबंधों को नई गति मिली है.
No comments