Recent Posts

Breaking News

ENG vs PAK: 10वें विकेट की साझेदारी ने PAK ओपनर्स को किया शर्मसार, एक बार में बनाए 5 पारियों से ज्यादा रन.

 

ENG vs PAK: 10वें विकेट की साझेदारी ने PAK ओपनर्स को किया शर्मसार, एक बार में बनाए 5 पारियों से ज्यादा रन


ENG vs PAK 3rd Test: इंग्लैंड दौरे पर एक बार फिर पाकिस्तान टीम की बल्लेबाजी बिखर गई. बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले जा रहे तीसरे और आखिरी टेस्ट में पाकिस्तान की बल्लेबाजी पहली पारी में सिर्फ 133 रनों पर ढेर हो गई. इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने सीम और स्विंग का ऐसा मुजाहिरा पेश किया कि पाकिस्तानी बल्लेबाज क्रीज पर टिकने के लिए संघर्ष करते दिखे.

जोश टंग ने 42 रन देकर 4 विकेट झटके, वहीं ऑली रॉबिन्सन और जोफ्रा आर्चर ने तीन-तीन शिकार कर मेहमान टीम की रीढ़ तोड़ दी.

ओपनिंग से बेहतर रहा 10वें विकेट का संघर्ष

इस मुकाबले में पाकिस्तान की बल्लेबाजी की लाचारी का अंदाजा एक अजीबोगरीब आंकड़े से लगाया जा सकता है. पाकिस्तान के आखिरी विकेट के लिए मोहम्मद अब्बास और मोहम्मद अली ने मिलकर 26 रनों की साझेदारी की. यह 26 रन की पार्टनरशिप पूरी सीरीज की पांचों पारियों में पाकिस्तान के ओपनर्स की पार्टनरशिप से बड़ी है. पाकिस्तानी ओपनर्स 5 पारियों में 20 रन ही जोड़ सके हैं. वहीं, इस सीरीज में पाकिस्तान अभी तक एक बार भी 200 रन का आंकड़ा नहीं छू सकी है.

33.5 ओवर में सिमटी पहली पारी

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत काफी खराब रही. सैम अयूब मैच के पहले ही ओवर में बाल-बाल बचे, लेकिन अगले ओवर में रॉबिन्सन ने उन्हें LBW कर अपना 100वां टेस्ट विकेट पूरा किया. इसके बाद जोफ्रा आर्चर ने अजान अवैस और शान मसूद को चलता किया, वहीं अब्दुल्ला शफीक रॉबिन्सन का शिकार बने. सिर्फ 26 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद कप्तान बाबर आजम भी जोश टंग की बेहतरीन इन-सीमर पर बोल्ड हो गए, जिससे स्कोर 48 रन पर 5 विकेट हो गया.

डेब्यू करने वाले विकेटकीपर गाजी घोरी ने चौके से खाता खोला, लेकिन टंग की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए. इसके बाद टंग ने सटीक यॉर्कर पर मोहम्मद इमरान रंधावा का मिडिल स्टंप उखाड़ दिया. लंच तक पाकिस्तान 7 विकेट गंवा चुका था. लंच के तुरंत बाद रॉबिन्सन ने डेब्यू कर रहे रजाउल्लाह को स्लिप में बेन डकेट के हाथों कैच कराया. फिर एक छोर पर टिककर खेल रहे उपकप्तान सऊद शकील ने 47 गेंदों में 43 रनों की जुझारू पारी खेली. जब तक वो क्रीज पर थे, टीम के सम्मानजनक स्कोर की उम्मीद बची थी. हालांकि, जोश टंग की अंदर आती गेंद शकील के बल्ले और पैड के बीच से निकलकर ऑफ स्टंप उड़ा ले गई. अंत में 10वें विकेट के लिए अब्बास और अली ने 26 रन जोड़कर टीम को 133 तक पहुंचाया, जिसके बाद अब्बास को दूसरी स्लिप में कैच कराकर जोफ्रा आर्चर ने पारी खत्म की.

No comments