Himachal : किशाऊ बांध के विरोध में कुंवानू में चक्का जाम, 40 गांवों के महिला-पुरुषों ने किया प्रदर्शन

बहुउद्देश्यीय किशाऊ बांध के विरोध में उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के प्रभावित ग्रामीणों ने गुरुवार को सीमांत क्षेत्र कुंवानू में जोरदार प्रदर्शन किया। किशाऊ बांध संघर्ष समिति के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने मिनस-देहरादून मार्ग पर चक्का जाम कर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सुबह करीब दस बजे शुरू हुए चक्का जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। वहीं कुंवानू बाजार भी पूरी तरह बंद रहा। प्रदर्शन में हिमाचल और उत्तराखंड के करीब 40 गांवों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर किशाऊ बांध परियोजना को लेकर अपनी आपत्तियां सरकार तक पहुंचाई।
किशाऊ बांध संघर्ष समिति के अध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि कुंवानू की जमीन और लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए वह हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। महिला मोर्चा की अध्यक्ष अर्चना राणा ने कहा कि ग्रामीण अपनी जमीन और क्षेत्र की रक्षा के लिए अंतिम दम तक संघर्ष करेंगे।
वहीं रुद्र सेना के अध्यक्ष राकेश उत्तराखंडी ने किशाऊ बांध परियोजना का विरोध करते हुए कहा कि इसे किसी भी कीमत पर बनने नहीं दिया जाएगा। संघर्ष समिति के संरक्षक डा. जोशी ने आरोप लगाया कि प्रभावित लोगों की सहमति और राय लिए बिना उनकी जमीन से संबंधित एमओयू साइन किया गया है।
स्थान-नाम में करें बदलाव
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि वह आपत्तियों से पीछे नहीं हटेंगे। ग्रामीणों ने सरकार के समक्ष किशाऊ बांध का स्थान बदलने और कुंवानू शम्भर नाम रखने की मांग रखी है।
No comments