Recent Posts

Breaking News

Instagram वाला प्यार, 5 राज्य और 3 महीने का सस्पेंस. बहला-फुसलाकर नाबालिग लड़की को भगाने वाला 1980KM दूर से गिरफ्तार

Instagram वाला प्यार, 5 राज्य और 3 महीने का सस्पेंस. बहला-फुसलाकर नाबालिग लड़की को भगाने वाला 1980KM दूर से गिरफ्तार


Andhra Pradesh News: सोशल मीडिया के जरिए नाबालिगों को जाल में फंसाने का एक और गंभीर मामला सामने आया है. आंध्र प्रदेश के गुंटूर स्थित पट्टाभिपुरम की 10वीं कक्षा की छात्रा को Instagram पर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले आरोपी को पुलिस ने 3 महीने की मशक्कत के बाद हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है.


पीड़िता को सुरक्षित बचाकर उसके माता-पिता को सौंपने की प्रक्रिया जारी है. घटनाक्रम के अनुसार, पट्टाभिपुरम निवासी 10वीं की छात्रा इन्स्टाग्राम के जरिए बापटला जिले के परचुर निवासी जॉन सैदा के संपर्क में आई थी. धीरे-धीरे यह जान-पहचान आगे बढ़ी और आरोपी ने लड़की के भरोसे का गलत फायदा उठाया. आरोपी के बहकावे में आकर लड़की घर में किसी को बताए बिना नकदी और सोने के गहने लेकर उसके साथ चली गई.

लड़की को साथ लेकर आरोपी गुंटूर से बाइक पर नेल्लोर पहुंचा. वहां से दोनों चेन्नई, कोयंबटूर और केरल के पलक्कड़ चले गए. जब लड़की घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने पट्टाभिपुरम पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी और अपहरण की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस की जांच से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने मोबाइल नंबर और सिम कार्ड बदलता रहा. उसने ऑनलाइन पेमेंट का इस्तेमाल बंद कर दिया और दोस्तों की मदद से नकदी का इंतजाम करता रहा. पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह पलक्कड़ से सिकंदराबाद होते हुए हरियाणा (1980KM) भाग निकला.

हाई कोर्ट के हस्तक्षेप और इंस्टाग्राम कॉल से मिला सुराग

3 महीने तक बेटी का कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने उच्च न्यायालय में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की. न्यायालय ने इस मामले में पुलिस की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई. इसी दौरान, आरोपी ने लड़की के इन्स्टाग्राम अकाउंट से उसकी मां को एक कॉल किया. पुलिस ने तुरंत तकनीकी साक्ष्य जुटाए और आईपी एड्रेस के आधार पर लोकेशन ट्रैक की. लोकेशन हरियाणा के करनाल शहर की मिली, जिसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी जॉन सैदा को गिरफ्तार कर लिया गया.

एयरलिफ्ट कर लाया गया गुंटूर

गिरफ्तारी के बाद आरोपी और नाबालिग लड़की को हरियाणा से एयरलिफ्ट करके पहले हैदराबाद और फिर गुंटूर लाया गया. लड़की का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है, जिसके बाद उसे माता-पिता के सुपुर्द कर दिया जाएगा. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी जॉन सैदा के खिलाफ परचुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज है. मामले में लव जिहाद के आरोप भी सामने आए हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए पुलिस हर पहलू से गहन जांच कर रही है.

No comments