Recent Posts

Breaking News

LPG गैस सिलेंडर बुकिंग का 45 दिन वाला नियम खत्म, अब 25 दिन में ही होगी बुकिंग.

 

LPG गैस सिलेंडर बुकिंग का 45 दिन वाला नियम खत्म, अब 25 दिन में ही होगी बुकिंग


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने देश भर के घरेलू एलपीजी ग्राहकों के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। अब ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में गैस सिलेंडर रीफिल की बुकिंग के बीच 25 दिनों का समान समय तय कर दिया गया है।

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

जानिए क्या है नया नियम?

सरकार के इस फैसले के तहत अब सभी घरेलू एलपीजी ग्राहकों को एक सिलेंडर बुक करने के बाद दूसरा सिलेंडर बुक करने के लिए कम से कम 25 दिन का इंतजार करना होगा।

पहले यह नियम केवल शहरी इलाकों में लागू था, जबकि ग्रामीण इलाकों में दो सिलेंडरों की बुकिंग के बीच 45 दिनों का अंतर तय किया गया था। अब ग्रामीण और शहरी इलाकों का यह अंतर पूरी तरह खत्म कर दिया गया है।

सरकार ने नियमों में दी राहत

पेट्रोलियम मंत्रालय ने 7 सितंबर को तीनों प्रमुख तेल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs), आईओसीएल (IOCL), बीपीसीएल (BPCL) और एचपीसीएल (HPCL) के प्रमुखों को पत्र जारी कर इस फैसले को तुरंत प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं।

मंत्रालय के अनुसार, पहले मिडल ईस्ट में उपजे तनाव और संघर्ष के कारण एलपीजी की सप्लाई पर असर पड़ा था। उस समय डिमांड बनाए रखने और कालाबाजारी रोकने के लिए अस्थायी रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों का समय तय किया गया था।

लेकिन अब देश में एलपीजी की सप्लाई की स्थिति में काफी सुधार हो चुका है और बैकलाग भी लगभग खत्म हो गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए नियमों में राहत दी गई है।

ग्रामीण उपभोक्ताओं को सीधा फायदा

राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर मंत्रालय का यह पत्र साझा किया है। इस नए कदम से खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के उन करोड़ों परिवारों को सीधा फायदा मिलेगा, जिन्हें पहले 45 दिनों के लंबे इंतजार के कारण रसोई गैस की किल्लत झेलनी पड़ती थी।

अब पूरे देश में एक समान नियम के तहत 25 दिनों के अंतराल पर नागरिक अपना अगला एलपीजी सिलेंडर बुक करा सकेंगे।

No comments