गलती से दूसरे फ्लैट में पहुंची NIA की टीम, भागने लगा शख्स; 20 लाख कैश बरामद, मोस्टवांटेड भी धराया.

Patna NIA raid: पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट में एनआईए (NIA) ने एक बड़ी कार्रवाई की है. इस छापेमारी के दौरान न सिर्फ आतंकी गतिविधियों में शामिल एक मोस्टवांटेड युवक को दबोचा गया, बल्कि एक अन्य शख्स को करीब 20 लाख रुपये नकद के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया गया.
मामले का नाटकीय पहलू तब सामने आया, जब एनआईए की टीम एक फ्लैट में छापेमारी के लिए पहुंची, लेकिन गलती से दूसरे फ्लैट में दाखिल हो गई. एनआईए की अचानक एंट्री देखकर उस फ्लैट में मौजूद शख्स बुरी तरह घबरा गया. वह हड़बड़ाहट में सीधे नीचे भागा, लेकिन नीचे पहले से मुस्तैद बिहार एसटीएफ और चित्रगुप्त नगर थाने की पुलिस ने उसे तुरंत घेर लिया.
20 लाख रुपये कैश बरामद
जैसे ही वह शख्स अपनी स्कूटी स्टार्ट कर भागने की कोशिश कर रहा था, पुलिस ने उसे दबोच लिया. तलाशी लेने पर स्कूटी की डिक्की में रखे एक झोले से करीब 20 लाख रुपये कैश बरामद किए गए. बरामद पहचान पत्र के आधार पर पकड़े गए शख्स की पहचान पूर्वी चंपारण के चकिया वार्ड नंबर-7 निवासी अनमोल कुमार मोदी के रूप में हुई है. पूछताछ में वह इतनी बड़ी नकदी के स्रोत को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए इनकम टैक्स विभाग को भी इसकी सूचना दे दी गई है.
कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट से मोस्टवांटेड गिरफ्तार
इस पूरी कार्रवाई के दौरान एनआईए की मुख्य टीम ने कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या-609 में दबिश देकर आतंकी गतिविधियों में लिप्त एक मोस्टवांटेड युवक को भी गिरफ्तार किया. एनआईए की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई है. फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि स्कूटी से बरामद 20 लाख रुपये का इस्तेमाल किस मकसद के लिए किया जाना था.
No comments