नेताजी सुभाषचंद्र बोस कालेज हमीरपुर हिमाचल में सर्वश्रेष्ठ, RKMV शिमला दूसरे, संजौली कालेज तीसरे स्थान पर

हिमाचल प्रदेश के सरकारी डिग्री कालेजों की टियर रैंकिंग को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन मूल्यांकन के बाद किए गए फिजिकल निरीक्षण की अंतिम रिपोर्ट के आधार पर कालेजों की रैंकिंग जारी कर दी है। ओवरऑल रैंकिंग में हमीरपुर का नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय कालेज पहले स्थान पर रहा है।
राजकीय कन्या महाविद्यालय (आरकेएमवी) शिमला दूसरे और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस राजकीय कालेज संजौली, शिमला तीसरे स्थान पर है। वहीं टियर-1 श्रेणी में भी इन्हीं तीन कालेजों ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। टियर-2 श्रेणी में राजकीय महाविद्यालय ठियोग पहले, राजकीय महाविद्यालय भोरंज दूसरे और अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय डिग्री कालेज सुन्नी तीसरे स्थान पर रहा है। टियर-3 में राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह पहले, राजकीय महाविद्यालय धनेटा दूसरे और राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट तीसरे स्थान पर है।
बता दें कि विभाग ने पहले ऑनलाइन इंटरनल असेस्मेंट के आधार पर 21 सरकारी डिग्री कालेजों का चयन किया था। इसके बाद तीन-तीन कालेज प्रिंसीपल्स की टीमों ने मौके पर जाकर कालेजों की व्यवस्थाओं और सुविधाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण में ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई सूचनाओं का वास्तविक स्थिति से सत्यापन किया गया।
इस दौरान कुछ कॉलेजों में ऑनलाइन दावों और जमीनी स्थिति में अंतर भी सामने आया, जबकि कुछ संस्थानों का प्रदर्शन ऑनलाइन दावों की तुलना में बेहतर पाया गया। फिजिकल निरीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर तैयार रैंकिंग में शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं, तकनीकी संसाधनों समेत मूल्यांकन में शामिल विभिन्न मानकों को आधार बनाया गया।
विभाग की इस प्रक्रिया का उद्देश्य सरकारी कॉलेजों के मूल्यांकन को अधिक पारदर्शी और वास्तविक स्थिति पर आधारित बनाना है। रैकिंग में स्थान पाने वाले सभी कॉलेजों को सर्टिफिकेट देकर मनाली में कालेज के प्रिंसिपलों के लिए आयोजित कार्यक्रम में नवाजा गया है।
No comments