अलकायदा के 'गजवा-ए-हिंद' प्लान का खुलासा! UP ATS ने आजमगढ़ से नबील को दबोचा; 'ला गालिब-इल्लल्लाह' नाम से बनाया था ग्रुप.

लखनऊ/आजमगढ़: उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (UP ATS) ने देश विरोधी गतिविधियों और आतंकी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) से कथित तौर पर जुड़े 19 वर्षीय युवक मोहम्मद नबील को गिरफ्तार किया है।
ATS के मुताबिक, आरोपी आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के चितारा गांव का रहने वाला है।
ATS की जांच में आरोप है कि नबील आतंकी विचारधारा से प्रभावित होकर सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था। एजेंसी का दावा है कि वह भारत में हिंसक गतिविधियों और 'गजवा-ए-हिंद' से जुड़ी साजिश को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा था।
'ला गालिब-इल्लल्लाह' नाम से बनाया था WhatsApp ग्रुप
ATS चीफ अमिताभ यश के मुताबिक, एजेंसी को खुफिया सूचना मिली थी कि आजमगढ़ का मोहम्मद नबील सोशल मीडिया और विभिन्न इंक्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स के जरिए देश विरोधी गतिविधियों से जुड़ी गतिविधियां चला रहा है।जांच के दौरान सामने आया कि नबील ने अरबी भाषा में 'ला गालिब-इल्लल्लाह' नाम से एक WhatsApp ग्रुप बनाया था। ATS के अनुसार, इस ग्रुप के जरिए युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित करने और उन्हें आतंकी गतिविधियों की ओर ले जाने की कोशिश की जा रही थी।
जांच एजेंसी का दावा है कि सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए ग्रुप में कई गतिविधियों के लिए कोडवर्ड इस्तेमाल किए जाते थे। इनमें जिहाद, चाकू, केमिकल, हथियार, बम और योजना जैसे शब्दों की जगह 'पेन', 'जूस', 'ट्रिप' और 'प्रोजेक्ट' जैसे शब्दों का इस्तेमाल होने की बात सामने आई है।
आतंकी विचारधारा से जुड़ी सामग्री शेयर करने का आरोप
ATS के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच में कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि नबील ने अपने WhatsApp ग्रुप में अलकायदा से जुड़े आतंकी अनवर उल अवलाकी की विवादित किताब 'जिहाद करने के 44 तरीके' और मौलाना आसिम उमर की 'तीसरी जंग-ए-अज़ीम और दज्जाल' नामक किताब की PDF कथित तौर पर शेयर की थी।ATS के अनुसार, इन सामग्रियों को ग्रुप के सदस्यों के बीच साझा करने के साथ उन्हें पढ़ने के लिए भी कहा जाता था।
जांच में यह भी सामने आने का दावा किया गया है कि नबील 'Flames of War' जैसे अंतरराष्ट्रीय आतंकी चैट ग्रुप्स से भी जुड़ा था। ATS के मुताबिक, इन ऑनलाइन समूहों में बांग्लादेश, म्यांमार, सऊदी अरब समेत कई देशों के संदिग्ध सदस्य और जम्मू-कश्मीर के कुछ युवा भी जुड़े हुए थे।
पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाने की योजना का दावा
पूछताछ के दौरान ATS को यह जानकारी मिली कि नबील विदेश जाकर आतंकी प्रशिक्षण और आधुनिक हथियारों से जुड़ी ट्रेनिंग हासिल करने की योजना बना रहा था। एजेंसी के मुताबिक, वह पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाने और वहां प्रशिक्षण लेने के साथ-साथ इसके लिए धन जुटाने की योजना पर काम कर रहा था।ATS का दावा है कि आरोपी के मोबाइल से विस्फोटक तैयार करने और बम बनाने की विधियों से संबंधित चैट भी मिली हैं। इसके अलावा विस्फोटक सामग्री के लिए पोटैशियम नाइट्रेट जुटाने से संबंधित बातचीत भी सामने आने की बात कही गई है।
हालांकि, इन सभी आरोपों की आगे की जांच और न्यायिक प्रक्रिया में पुष्टि होना बाकी है।
विशेष थाने में मुकदमा दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी
UP ATS ने लखनऊ स्थित विशेष थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मोहम्मद नबील को गिरफ्तार किया है। अब आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है।
No comments