UPI ऐप खोले बिना भी पेमेंट कर सकेंगे यूजर, 2 धांसू फीचर लॉन्च

UPI ऐप के जरिए ट्रांजैक्शन करते हैं तो ये खबर आपके काम की है। दरअसल, नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने गुरुवार को यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) पर 2 नए फीचर लॉन्च किए।
इनमें 'Tap & Pay' और 'My UPI' शामिल हैं। इन दोनों फीचर्स का मकसद UPI पेमेंट को पहले से ज्यादा आसान और सुरक्षित बनाना है। आइए इसके बारे में डिटेल में जान लेते हैं।
Tap & Pay फीचर कैसे करेगा काम?
इस फीचर की मदद से पेमेंट करने के लिए बार-बार UPI ऐप खोलने की जरूरत नहीं होगी। अगर किसी दुकान पर इस सुविधा को सपोर्ट करने वाली प्वाइंट-ऑफ-सेल यानी POS मशीन लगी है तो फोन को अनलॉक करके मशीन पर टैप करने से पेमेंट किया जा सकेगा। अहम बात ये है कि पेमेंट के लिए आपके मोबाइल नेटवर्क की जरूरत नहीं होगी। POS मशीन के इंटरनेट कनेक्शन के जरिए ही ट्रांजैक्शन पूरा हो जाएगा। आसान भाषा में समझें तो जहां मोबाइल नेटवर्क नहीं रहता है या इंटरनेट काम नहीं करता है, वहां भी आप यूपीआई पेमेंट कर सकेंगे।
इसमें UPI के अलावा RuPay क्रेडिट कार्ड को UPI से जोड़कर पेमेंट करने की सुविधा भी मिलेगी। यह फीचर नियर-फील्ड कम्युनिकेशन (NFC) टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करता है, जिससे POS टर्मिनल के इंटरनेट कनेक्शन के जरिए ट्रांजैक्शन हो पाते हैं। NPCI ने बताया कि यूजर्स ₹5000 तक के UPI ट्रांजैक्शन बिना PIN के कर सकते हैं और इससे ज्यादा की रकम के लिए PIN की जरूरत होती है।
My UPI का सिंगल विंडो
NPCI ने 'My UPI' नाम से एक नया AI आधारित प्लेटफॉर्म भी लॉन्च किया है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अलग-अलग बैंक और UPI ऐप में मौजूद आपके ट्रांजैक्शन और ऑटोपे की जानकारी एक ही जगह देखी जा सकेगी। इस प्लेटफॉर्म में धोखाधड़ी का शक होने पर UPI डेबिट ट्रांजैक्शन को रोकने के लिए एक 'सेफ्टी स्विच' भी है। इसके साथ ही, इसमें UPI पेमेंट पाने के लिए मोबाइल नंबर को हटाने, मर्चेंट को पेमेंट करते समय जानकारी देखने और भरोसेमंद लोगों को बार-बार पेमेंट करने के विकल्प भी हैं। NPCI ने कहा कि यह रियल-टाइम चार्जबैक की ऑटोमेटेड प्रोसेसिंग में भी मदद करेगा और 24x7 कई भाषाओं में सपोर्ट देगा।
बता दें कि इन फीचर्स को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 में लॉन्च किया। इस मौके पर NPCI के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन और इंडिपेंडेंट डायरेक्टर अजय कुमार चौधरी के साथ-साथ सीनियर बैंकर और फिनटेक फाउंडर भी मौजूद थे। 2025 में फिनटेक इवेंट में बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन लॉन्च होने के बाद यह UPI पेमेंट का दूसरा बड़ा फीचर है।
No comments