Viral Video: थप्पड़ मारे, बाल खींचे, जमीन पर पटका, बेटे को डांटा तो मां ने स्कूल में घुसकर छात्रों के सामने पीटा टीचर को
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक स्कूल की क्लास का CCTV फुटेज सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। वीडियो में बच्चों को पढ़ा रही एक शिक्षिका के साथ एक महिला कथित तौर पर मारपीट करती नजर आ रही है।
घटना के दौरान क्लास में मौजूद बच्चे डर गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बच्चे को डांटने से नाराज थे माता-पिता:
मामला देल्हूपुर थाना क्षेत्र के नौबस्ता स्थित पार्वती ग्लोबल साइंस स्कूल का बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले शिक्षिका ने स्कूल में पढ़ने वाले एक बच्चे को किसी बात पर डांट दिया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर बच्चे के माता-पिता स्कूल पहुंच गए और क्लास के भीतर ही शिक्षिका से मारपीट शुरू कर दी। 27 अगस्त को कक्षा एक में पढ़ाई चल रही थी। इसी दौरान आरोप है कि सौम्या मिश्रा अचानक क्लास में पहुंचीं और शिक्षिका के साथ मारपीट करने लगीं।
बाल खींचकर पीटा, बच्चों में मची दहशत:
शिक्षिका के पिता संजय कुमार मिश्रा का आरोप है कि महिला ने उनकी बेटी को लात-घूंसों से पीटा और बाल खींचकर जमीन पर गिरा दिया। इस दौरान कथित तौर पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई। मारपीट के दौरान क्लास में मौजूद बच्चे सहम गए। शोर सुनकर स्कूल के अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पति पर भी गंभीर आरोप:
शिक्षिका के पिता ने आरोप लगाया कि महिला के पति अभिषेक मिश्रा ने उनकी बेटी को एक कमरे में धकेल दिया और अपनी पत्नी से उसे मारने की बात कही। इस दौरान शिक्षिका की गर्दन पर भी चोट लगने का दावा किया गया है। घटना के बाद पीड़िता के पिता ने देल्हूपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया केस, CCTV की होगी जांच:
सीओ रानीगंज प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है और मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, सामने आए CCTV फुटेज की भी जांच की जाएगी। इसी के आधार पर घटना के दौरान क्या हुआ और किसकी क्या भूमिका थी, इसकी पुष्टि की जाएगी।

No comments