Viral Video: किसने कहा कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं हो सकती? लड़के ने अनोखा कारनामा कर, गलत साबित कर दी कहावत!

कुछ कहावतें ऐसी होती हैं, जिन्हें हम बचपन से सुनते आ रहे हैं और बिना ज्यादा सोचे उन पर भरोसा भी कर लेते हैं. ऐसी ही एक मशहूर कहावत है- 'कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती.' इसका इस्तेमाल आमतौर पर ऐसे व्यक्ति के लिए किया जाता है, जिसके सुधरने की कोई उम्मीद न हो.
लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक स्कूली बच्चे ने कुछ पलों के लिए इस कहावत को ही गलत साबित करने का दावा कर दिया.
दरअसल, वायरल वीडियो में एक बच्चा नजर आ रहा है. जिसका नाम मन्नू सिंह है, वह एक हाथ में डंडा और दूसरे हाथ में मोबाइल लेकर वीडियो बनाता दिखाई देता है. वीडियो शुरू करते ही वह बड़े उत्साह के साथ कहता है कि उसने 'वर्ल्ड रिकॉर्ड' बना दिया है. इसके बाद बच्चा कुत्ते के पास जाता है और डंडे की मदद से उसकी पूंछ को धीरे-धीरे सहलाता हुआ सीधा करने की कोशिश करता है. कुछ सेकंड बाद वीडियो में कुत्ते की पूंछ सीधी दिखाई भी देती है. बच्चे को जैसे अपनी कामयाबी पर पूरा भरोसा हो जाता है.
'किसने कहा था कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं होती?'
इसके बाद बच्चा कैमरे के सामने अपनी उपलब्धि का ऐलान करते हुए कहता है- 'किसने कहा था कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं होती, हो गई.' लेकिन बच्चे का यह दावा ज्यादा देर तक नहीं टिकता. जैसे ही वह कैमरा दूसरी तरफ करता है, कुत्ता अपनी पूंछ फिर से घुमाता है और वहां से भाग जाता है. यानी जिस पूंछ को बच्चा कुछ सेकंड के लिए सीधा करने का दावा कर रहा था, वह तुरंत अपने पुराने आकार में लौट आती है.
आखिर कुत्ते की पूंछ सीधी क्यों नहीं रहती?
दरअसल, कुत्ते की पूंछ उसकी रीढ़ की हड्डी का ही एक विस्तार होती है. इसमें हड्डियां, मांसपेशियां और जोड़ होते हैं, जो पूंछ को अलग-अलग दिशाओं में हिलाने में मदद करते हैं. कई कुत्तों की पूंछ प्राकृतिक रूप से मुड़ी या घुमावदार होती है. इसी वजह से 'कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं होती' वाली कहावत काफी मशहूर हुई. हालांकि, हर कुत्ते की पूंछ एक जैसी नहीं होती. कुछ नस्लों के कुत्तों की पूंछ जन्म से ही सीधी होती है, जबकि कुछ की मुड़ी हुई या घुमावदार होती है.
इंस्टाग्राम से X तक वायरल हुआ वीडियो
मन्नू सिंह के इस वीडियो की चर्चा अब इंस्टाग्राम से लेकर X तक हो रही है. एक यूजर ने X पर वीडियो शेयर करते हुए मजाकिया अंदाज में लिखा कि आखिर किसने कहा था कि कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं हो सकती, इस लड़के ने तो उसे सीधा करके दिखा दिया. बताया जा रहा है कि मन्नू सिंह ने बाद में अपनी आईडी हटा दी, इसलिए उनके मूल हैंडल पर अब यह वीडियो दिखाई नहीं दे रहा है. हालांकि, दूसरे यूजर्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर होने के बाद वीडियो लगातार वायरल हो रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट यूजर्स भी इस पूरे मामले को मजाकिया अंदाज में ले रहे हैं. लोग सवाल कर रहे हैं कि अगर कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं हो सकती, तो आखिर इस बच्चे ने कुछ सेकंड के लिए उसे कैसे सीधा कर दिया. एक यूजर ने मजाक करते हुए कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ कुछ सेकंड तक ही कायम रही. वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा कि उसने अपनी आंखों के सामने ऐसा नजारा पहली बार देखा है. एक अन्य यूजर ने बच्चे को पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दे दी, जबकि कुछ लोगों ने उसके इस 'कारनामे' की तारीफ करते हुए कहा कि उसने कमाल कर दिया. बच्चे ने भले ही कुछ सेकंड के लिए अपनी 'उपलब्धि' का दावा किया हो, लेकिन सोशल मीडिया पर लोगों को हंसाने और एक पुरानी कहावत की याद दिलाने में वह जरूर कामयाब रहा.
No comments