Viral Video: मां की लाश के साथ रहती है बेटी, रोज नहलाती है, करती है बालों में कंघी, हैरान कर देने वाला वीडियो.
दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में ऐसी कई परंपराएं देखने को मिलती हैं, जो बाकी लोगों के लिए हैरान करने वाली हो सकती हैं। इंडोनेशिया के तोराजा क्षेत्र की एक ऐसी ही परंपरा इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
यहां एक महिला अपनी मृत मां के शव को लंबे समय से घर में रखे हुए है और आज भी उसकी देखभाल ऐसे करती है, जैसे वह जीवित हों। महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लाखों लोग देख चुके हैं।
मां के शव की आज भी करती है देखभाल:
वायरल फुटेज में महिला अपनी मृत मां के बालों में कंघी करती और उनके कपड़े ठीक करती नजर आती है। बताया जा रहा है कि शव को विशेष घोल और पारंपरिक औषधियों की मदद से सुरक्षित रखा गया है।
घुमाने ले जाती है घर से बाहर:
महिला अपनी मां के शव को घर के बाहर भी ले जाती है। वहां वह उन्हें कुछ समय के लिए ताजी हवा में रखती है और नियमित रूप से उनकी देखभाल करती है। देखने वालों के लिए यह दृश्य बेहद असामान्य है, लेकिन तोराजा समुदाय की परंपरा में इसे सम्मान और प्रेम का हिस्सा माना जाता है।
यहां मौत को तुरंत 'मौत' नहीं मानते लोग:
तोराजा समुदाय की मान्यताओं के मुताबिक, किसी व्यक्ति के सांस लेना बंद कर देने के बाद भी उसे तुरंत 'मृत' नहीं माना जाता। परिवार के लोग उन्हें अक्सर बीमार या गहरी नींद में बताया करते हैं। इसी वजह से अंतिम संस्कार तुरंत नहीं किया जाता। कई बार मृत व्यक्ति के शव को परिवार के घर में कई महीनों या यहां तक कि वर्षों तक सम्मान के साथ रखा जाता है।
पैसे जुटने तक घर में रखा जाता है शव:
इस परंपरा के पीछे एक बड़ी वजह अंतिम संस्कार की जटिल रस्में और उससे जुड़ा खर्च भी बताया जाता है। परिवार को अंतिम संस्कार के लिए जरूरी पैसे और तैयारियां पूरी करने में काफी समय लग सकता है। तब तक शव को घर में ही रखा जाता है। इस दौरान परिवार के सदस्य मृत व्यक्ति के लिए खाना रखने, कपड़े बदलने और उनसे बातचीत करने जैसी रस्में निभाते हैं। कुछ परिवार उनके बालों की भी देखभाल करते हैं।
मौत नहीं, 'लंबी नींद' मानते हैं:
तोराजा संस्कृति में मौत को जीवन का पूरी तरह अंत नहीं माना जाता। इसे एक लंबी नींद या अगले जीवन की यात्रा से पहले का दौर समझा जाता है। इसलिए मृत परिजनों के साथ इस तरह रहना उनके लिए असामान्य नहीं है।

No comments