Bhopal News: 'थैंक्यू हसबैंड, जा रही हूं.', करवाचौथ पर पति नहीं ले गया ब्यूटी पार्लर, पत्नी ने किया सुसाइड

Bhopal News: भोपाल में करवाचौथ के दिन एक परिवार में मातम पसर गया. अवधपुरी थाना क्षेत्र में रहने वाली आरती कुर्रे (44) की मौत हो गई. बताया जा रहा कि ब्यूटी पार्लर जाने को लेकर उनका अपने पति से विवाद हुआ था.
घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है- थैंक्यू हसबैंड, जा रही हूं, खुश रहो. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
ब्यूटी पार्लर जाने को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, करवाचौथ के मौके पर आरती कुर्रे ब्यूटी पार्लर जाना चाहती थीं. बताया जा रहा कि उनके पति अनिल कुर्रे ने उन्हें पार्लर ले जाने से मना कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. करवाचौथ के दिन घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन कुछ ही देर में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं.
कमरे में बंद थीं आरती, नहीं मिला जवाब
घटना के समय आरती के ससुर घर में सो रहे थे, जबकि उनका 14 वर्षीय बेटा स्कूल गया हुआ था. इसी दौरान आरती एक कमरे में चली गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आईं तो परिजनों को चिंता हुई. आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद उनके पति अनिल को घर बुलाया गया. बताया जा रहा कि अनिल ने कमरे की खिड़की का कांच तोड़कर अंदर देखा तो आरती नीचे पड़ी मिलीं. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
सुसाइड नोट में लिखे थे ये शब्द
घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है. इसमें लिखा है, थैंक्यू हसबैंड, जा रही हूं, खुश रहो. फिलहाल अवधपुरी पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है. परिजनों से पूछताछ की जा रही है. आरती की मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है. करवाचौथ पर जहां सुहाग की लंबी उम्र के लिए व्रत रखने और पूजा करने की परंपरा है, वहीं भोपाल की इस घटना ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.
No comments