Recent Posts

Breaking News

करवा चौथ से पहले पति ने कराई थी खरीदारी, व्रत रखने से पहले ही आरती की दर्दनाक मौत...

 

करवा चौथ के लिए 2 दिन पहले पति ने करवाई थी खरीदारी, व्रत रख पाती उससे पहले ही आरती की हो गई मौत


आज करवा चौथ है. लेकिन करवा चौथ से एक दिन पहले बुधवार को भरतपुर के अटल बंध थाना इलाके से दिल को झकझौर देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. महिला की मौत के बाद परिजनों ने उसके ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर उसे मार डालने का आरोप लगाया है.

महिला की मौत से एक दिन पहले ही उसके पति ने उसे बाजार ले जाकर करवा चौथ के लिए खरीदारी करवाई थी. पुलिस ने मृतका के शव का भरतपुर जिला मुख्यालय पर स्थित आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर उसे उसके परिजनों को सौंप दिया है.

पुलिस के अनुसार संदिग्ध हालात में मौत का शिकार हुई महिला आरती (26) अटल बंध थाना इलाके की विजय नगर कॉलोनी में रहती थी. आरती कुरका गांव का रहने वाली थी. साल 2022 में उसकी शादी भरतपुर के विजय नगर निवासी पंकज के साथ हुई थी. पंकज दिल्ली में काम करता है और आरती को भी अपने साथ ही रखता है. हाल ही में वे दशहरा पर मेला घूमने के लिए यहां आए हुए थे. आरती के 2 साल का एक बेटा है.

अचानक तबीयत बिगड़ी और हो गई मौत
मंगलवार को पंकज बाजार से आरती को करवा चौथ के लिए खरीदारी करवाकर लाया था. उसके बाद वह आरती को यहीं छोड़कर खुद वापस दिल्ली चला गया. बताया जा रहा है कि बुधवार को अचानक आरती की तबियत बिगड़ गई. इस पर आरती को आरबीएम अस्पताल ले जाया. वहां डॉक्टर्स ने आरती को मृत घोषित कर दिया. आरती की मौत की खबर जैसे ही उसके पीहर वालों के पास पहुंची तो वे सन्न रह गए. बाद में बड़ी संख्या में उसके पीहर वाले और अन्य लोग अस्पताल पहुंच गए.

पीहर वालों का आरोप जहर देकर मारा है
उन्होंने आरती के ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका आरोप है कि आरती के ससुराल वाले शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते रहे हैं. परिजनों का कहना है कि आरती ने जब उनको इस बारे में बताया तो उन्होंने कई बार ससुराल वालों से समझाइश की. लेकिन वे नहीं माने. आरती की पीहर वालों का आरोप है कि उन्होंने उसे जहर देकर मारा है. भरतपुर शहर पुलिस उपाधीक्षक योगेश कुमार ने बताया कि परिजनों की तरफ से आरती की संदिग्ध हालात में मौत होने की रिपोर्ट दी गई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है.

No comments