Recent Posts

Breaking News

'बचाओ-बचाओ चिल्लाती रही.' सौतेले बेटे ने मां पर डीजल डालकर लगाई आग, मौत

जम्मू-कश्मीर: 'बचाओ-बचाओ चिल्लाती रही.' सौतेले बेटे ने मां पर डीजल डालकर लगाई आग, मौत


जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां सौतेले बेटे पर अपनी मां पर डीजल डालकर आग लगाने का आरोप है. इस घटना में गंभीर रूप से झुलसी 40 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. महिला को पहले उधमपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था.


हालत गंभीर होने पर उसे जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई.

मृत महिला की पहचान उधमपुर की हाउसिंग कॉलोनी निवासी केशव वर्मा की पत्नी सुषमा देवी के रूप में हुई है. पुलिस ने इस मामले में आरोपी सौतेले बेटे मोक्ष वर्मा को हिरासत में ले लिया है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है.

घर में महिला पर डीजल डालकर आग लगाने का आरोप

जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार शाम की है. सुषमा देवी अपने घर में मौजूद थीं. इसी दौरान आरोप है कि उनके सौतेले बेटे मोक्ष वर्मा ने उन पर डीजल डालकर आग लगा दी. इस घटना में महिला का शरीर करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गया था. आग लगने के बाद वह बुरी तरह से तड़पने लगीं.

घटना के बाद सामने आए वीडियो में महिला आग की लपटों से घिरी नजर आ रही हैं. वह जान बचाने के लिए चिल्लाते हुए घर से बाहर निकलने की कोशिश करती दिखाई दे रही हैं. वीडियो में उनकी हालत बेहद गंभीर नजर आती है. हालांकि, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है.

पड़ोसियों ने आग बुझाने की कोशिश की

महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. पड़ोसियों ने आग बुझाने और महिला को बचाने की कोशिश की. इसके बाद परिवार के सदस्य उन्हें तुरंत उधमपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे.

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को प्राथमिक उपचार दिया. हालांकि, उनके शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस जाने के कारण हालत गंभीर बनी हुई थी. ऐसे में डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया.

महिला को गंभीर हालत में GMC अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था. लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. बुधवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

इस मामले में उधमपुर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने आरोपी मोक्ष वर्मा को हिरासत में लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने कथित तौर पर अपनी सौतेली मां पर हमला क्यों किया. पुलिस घटना से जुड़े वीडियो की भी जांच कर रही है.

No comments