Recent Posts

Breaking News

नुकीले कीलों के बिस्तर पर सोती है यह महिला, सपने में आई थीं मां दुर्गा, सुदेश्वरी दु्र्गा के लिए लग रही भीड़

नुकीले कीलों के बिस्तर पर सोती है यह महिला, सपने में आई थीं मां दुर्गा, सुदेश्वरी दु्र्गा के लिए लग रही भीड़


उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शारदीय नवरात्र में मां दुर्गा की भक्ति और साधना का अनोखा रूप देखने को मिल रहा है. नगर पालिका परिषद भरवारी के अमहा गांव में प्रतापगढ़ की रहने वाली फोटो उर्फ सुदेश्वरी दुर्गा लोहे की कीलों से बनी शैया पर लेटकर तपस्या कर रही हैं.

इतना ही नहीं, वह कीलों से बने झूले पर झूलकर भी अपनी साधना करती हैं. उनकी अनोखी तपस्या को देखने और दर्शन करने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं.

दरअसल, प्रतापगढ़ जनपद के पुन्नेमऊ गांव की रहने वाली फोटो उर्फ सुदेश्वरी दुर्गा पिछले चार वर्षों से तपस्या कर रही हैं. इन दिनों वह अपनी बहन शिमला देवी के घर अमहा गांव में रहकर साधना कर रही हैं. नवरात्र के दौरान सुबह से ही उनके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो जाता है. शाम होते ही गांव में भक्तिमय माहौल बन जाता है और मां दुर्गा के जयकारे गूंजने लगते हैं.

सुदेश्वरी दुर्गा के मुताबिक, करीब चार साल पहले वह गंभीर बीमारी से परेशान थीं. उनका दावा है कि काफी इलाज कराने के बावजूद उन्हें राहत नहीं मिल रही थी. इसी दौरान मां दुर्गा उनके सपने में आईं और उन्हें तपस्या करने की प्रेरणा मिली. इसके बाद उन्होंने मां दुर्गा की आराधना शुरू कर दी। महिला का कहना है कि तभी से वह लगातार साधना कर रही हैं.

कीलों से बनी शैया पर लेटकर तपस्या करने और कीलों वाले झूले पर झूलने का उनका तरीका लोगों के बीच कौतूहल का विषय बना हुआ है. श्रद्धालु उनकी साधना को देखने के लिए दूर-दूर से पहुंच रहे हैं. नवरात्र के अवसर पर अमहा गांव में धार्मिक माहौल बना हुआ है और सुदेश्वरी दुर्गा की तपस्या क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है.

No comments