7 बेटियों के बाद मांगी थी बेटे की मन्नत, 45 साल से छठ कर रही हैं सैदा खातून; सास-बहू करती हैं पूजा..

बिहार के गोपालगंज से आस्था कै अनूंठा मामला सामने आया है. यहां लोक आस्था के महापर्व छठ की रौनक चारों तरफ छाई हुई है. इस बीच, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जो हर किसी का दिल जीत रही है.
डोमनपुर पंचायत के बैरौना गांव का एक मुस्लिम परिवार पिछले साढ़े चार दशकों से पूरी निष्ठा और विधि-विधान के साथ छठ महापर्व मना रहा है. आस्था की यह अनूठी परंपरा इस बात का जीता-जागता प्रमाण है कि सच्ची भक्ति किसी धर्म या जाति की सीमाओं में नहीं बंधती.
गांव की रहने वाली 70 साल की सैदा खातून पति- जैनुल मियां के घर जब सात बेटियों के बाद भी कोई बेटा नहीं हुआ, तो उन्होंने गांव की हिंदू महिलाओं को छठी मईया का व्रत रखते देखा. उनके मन में भी मैया के प्रति विश्वास जागा और उन्होंने पुत्र प्राप्ति की मन्नत मांगकर व्रत की शुरुआत की. उनकी यह मन्नत पूरी हुई और घर में बेटे की किलकारी गूंज उठी. इसके बाद से छठी मईया के प्रति सैदा खातून का विश्वास अटूट हो गया और वे पिछले करीब 45 वर्षों से लगातार यह कठिन व्रत करती आ रही हैं.
सास के नक्शे कदम पर चलीं बहू
सास की इस पवित्र परंपरा को अब उनकी 40 साल की बहू अबरून नेशा पति- जाकिर हुसैन पूरी शिद्दत से आगे बढ़ा रही हैं. अबरून की भी चार बेटियां थीं और सास के मार्गदर्शन पर उन्होंने भी छठी मईया का व्रत रखना शुरू किया. मन्नत पूरी होने के बाद उनकी आस्था भी और अधिक प्रगाढ़ हो गई. वर्तमान में यह सास-बहू की जोड़ी मिलकर पर्व के सभी नियमों और शुद्धता का पालन करते हुए छठ पूजा संपन्न करती है.
गांव भर में है इस परिवार की चर्चा
बैरौना गांव के लोग इस मुस्लिम परिवार की निष्ठा से बेहद प्रभावित हैं. छठ घाट पर जब आसपास की हिंदू और मुस्लिम महिलाएं एक साथ मिलकर पूजा-अर्चना में शामिल होती हैं, तो यह दृश्य देश की असली ताकत यानी ‘गंगा-जमुनी तहजीब’ और आपसी सौहार्द की खूबसूरत दास्तां बयां करता है. यह परिवार आज पूरे समाज के लिए प्रेम, विश्वास और एकता का एक प्रेरणास्त्रोत बन गया है.
No comments