भोपाल में युवतियों को अश्लील तरीके से टच करने वाला सिरफिरा पुलिस के हत्थे चढ़ा, गंदी हरकत करके भाग जाता था

भोपाल: भोपाल में युवतियों को अश्लील तरीके से टच करने और उनके साथ गंदी हरकत करके भाग जाने वाले एक सिरफिरे शख्स को पुलिस ने पकड़ा है। शख्स की पहचान 23 वर्षीय अभिषेक उइके के रूप में हुई है।
उस पर आरोप है कि उसने कई लड़कियों के संवेदनशील अंगों को जानबूझकर टच किया और मौके से भाग निकला।
क्या है पूरा मामला?
कटारा हिल्स इलाके में एक ही दिन में 4 से 5 युवतियों के साथ सरेराह बदसलूकी और मारपीट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवतियों के शरीर के संवेदनशील हिस्सों पर थप्पड़ मारकर फरार हो जाता था।
नकाब पहनकर और बाइक का नंबर छिपाकर वारदात करने वाले 23 वर्षीय अभिषेक उइके तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 50 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले। आखिरकार दीनदयाल पार्क से उसे दबोच लिया गया।
थाना प्रभारी संतोष रघुवंशी की टीम ने 48 घंटे में आरोपी को पकड़कर बड़ी वारदात की आशंका टाल दी।
खंडवा से भी आया था चौंकाने वाला मामला
इससे पहले एमपी के खंडवा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया था। यहां एक शख्स ने अपनी जवानी के दिनों में एक युवती से छेड़छाड़ की थी, लेकिन वह पकड़ा करीब 40 साल के बाद गया। आरोपी की उम्र अब 64 साल हो चुकी है। जब उसे पकड़ा गया तो उसने कहा कि उसे याद ही नहीं है कि उसने किस युवती के साथ छेड़छाड़ की थी।
आरोपी की गिरफ्तारी तब हुई थी, जब पुलिस ने उसके पुराने ठिकानों पर रेड मारी थी। उसे गन्ने की चरखी की दुकान के पास से पकड़ा गया और फिर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि देश में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और बदसलूकी के हर दिन तमाम मामले सामने आते हैं लेकिन अधिकतर मामलों में आरोपी को सजा नहीं होती क्योंकि पीड़ित पक्ष समाज में बदनामी के डर से शिकायत दर्ज नहीं करवाता। लेकिन अब ये जरूरी है कि आप अपने साथ हुई छेड़छाड़ और बदसलूकी का मुद्दा प्रमुखता से उठाएं, जिससे जो गंदी हरकत आपके साथ हुई, उसके दोषी को सजा मिल सके और समाज में अन्य युवतियां सुरक्षित रह सकें।
No comments