कभी राजू बोरा, कभी उत्पल सैकिया..फर्जी नाम बताकर युवतियों को फंसाता था जुम्माउद्दीन, अरेस्ट.

असम के नगांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां अलग-अलग नाम और पहचान बताकर युवतियों को प्रेमजाल में फंसाने और उनसे शादी कर धोखाधड़ी करने के आरोपी जुम्माउद्दीन अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
नगांव की खटवाल पुलिस ने आरोपी को सोनाईबाली इलाके से पकड़ा. उस पर फर्जी पहचान और दस्तावेजों के सहारे छह हिंदू युवतियों से शादी करने का गंभीर आरोप है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर अलग-अलग इलाकों में अलग-अलग नामों से अपनी पहचान बताकर युवतियों के संपर्क में आता था. आरोप है कि उसने राजू बोरा, उत्पल बोरा और उत्पल सैकिया जैसे नामों का इस्तेमाल किया. इन नामों पर ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और बैंक पासबुक जैसे दस्तावेज बनवाने का भी आरोप है.
पहचान बदलकर युवती को फंसाया
मामले में सामने आई जानकारी के अनुसार, साल 2001 में आरोपी ने तेजपुर की बोड़ो समुदाय की एक युवती से राजू बोरा नाम से शादी की थी. इसके बाद उसने कलियाबर, कार्बी आंगलोंग और तेजपुर समेत अलग-अलग इलाकों की युवतियों को अपने कथित जाल में फंसाया. आरोप है कि इसी तरह उसने कुल छह युवतियों से शादी की और अपनी असली पहचान छिपाकर उनके साथ धोखाधड़ी की.
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी बताया जा रहा है. उस पर साल 2010 में दो अहोम युवतियों के साथ दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगा था. इस मामले में उसे जेल भी जाना पड़ा था. वहीं, आरोपी की पहली पत्नी रंजू मुसाहारी उर्फ फरीदा बेगम ने पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका दावा है कि उन्होंने इस मामले में कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला.
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है. अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी ने कितनी युवतियों को अपनी फर्जी पहचान के जरिए धोखा दिया और इस पूरे मामले में किन-किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया. मामले में लगाए गए आरोपों की जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी.
No comments