एक गिलास पानी के लिए पति बना हत्यारा, सिर पर पटरा मारकर ली पत्नी की जान..

कानपुर में एक गिलास पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद एक परिवार के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गया। चकेरी के अहिरवां इलाके में पति-पत्नी के बीच हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि पति ने कथित तौर पर लकड़ी का पटरा पत्नी के सिर पर फेंककर मार दिया।
गंभीर चोट लगने से 23 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद उसके तीन साल के बेटे और महज एक महीने की बेटी के सिर से मां का साया उठ गया।
मृतका की पहचान रीता पासवान के रूप में हुई है। वह मूल रूप से फतेहपुर जिले के असोथर की रहने वाली थी। वर्ष 2022 में उसने अहिरवां निवासी 28 वर्षीय करन पासवान से प्रेम विवाह किया था। परिजनों के मुताबिक, करन पुताई का काम करता है और शनिवार शाम ही काम से घर लौटा था।
पानी मांगने को लेकर शुरू हुई बहस
रविवार सुबह करीब 11:30 बजे करन ने खाना खाने के बाद पत्नी से पानी मांगा। इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि गुस्से में करन ने लकड़ी का पटरा उठाकर रीता की ओर फेंक दिया, जो सीधे उसके सिर पर लगा। गंभीर रूप से घायल रीता को परिजन तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मां की मौत से अनजान हैं दोनों मासूम
रीता अपने पीछे तीन साल के बेटे कार्तिक और एक महीने की बेटी काव्या को छोड़ गई है। दोनों बच्चों के लिए अब मां की ममता का सहारा नहीं रहा। परिवार में इस घटना के बाद मातम पसरा है। परिजनों के मुताबिक, रीता की मुलाकात करन से 2021 में हुई थी, जब वह अपने मामा के घर अहिरवां आई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुआ और अगले साल उन्होंने शादी कर ली थी।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र के मुताबिक, आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
No comments