Recent Posts

Breaking News

अंकल ये क्‍या कर रहे हो... छेड़छाड़ कर रहे अधेड़ ने युवती को चलती ट्रेन से दिया धक्‍का, पीड़िता ने गंवाया हाथ.

  

मुंबई: अंकल ये क्‍या कर रहे हो... छेड़छाड़ कर रहे अधेड़ ने युवती को चलती ट्रेन से दिया धक्‍का, पीड़िता ने गंवाया हाथ


उस दिन शाम के करीब सात बजे रहे होंगे. नायगांव रेलवे स्‍टेशन के फ्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पैसेंजर की भीड़ रेलवे ट्रैक पर जमी हुईं थी. रेलवे ट्रैक से अभी-अभी एक लोकर ट्रेन गुजरी थी और इसी ट्रेन से गिरी एक युवती लहुलुहान हालत में ट्रैक पर पड़ी हुई थी.


युवती लगभग बेहोशी की हालत में पहुंच चुकी थी, लेकिन उसकी तेज चल रही सांसे यह बता रही थीं कि उसमें अभी जान बाकी है. वहीं, मामले की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी भी मौके पहुंच गए. उन्‍होंने बिना देरी किए युवती को इलाज के लिए वसई के जनसेवा अस्पताल में भर्ती करा दिया.

युवती की हालत गंभीर होने के चलते बाद में उसे मुंबई के कूपर अस्पताल में रेफर कर दिया गया. युवती को अस्‍पताल में भर्ती कराने के बाद रेलवे पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की. शुरूआत में पुलिस को लगा कि यह मामला अचानक हुई किसी दुर्घटना का है, लेकिन जब युवती ने अपना बयान दर्ज कराया, तो मामला बेहद सनसनीखेज निकला. 4 नवंबर को हुई वारदात को लेकर पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि वह रोज की तरह लोकल ट्रेन से बोरीवली से नायगांव जा रही थी. ट्रेन में सफर के दौरान, पास खड़े एक अधेड़ युवक ने बदनियत के साथ उसे छूना शुरू कर दिया.

विरोध करने पर ट्रेन से दिया धक्‍का
उसने छेड़छाड़ का विरोध दर्ज कराते हुए आरोपी अधेड़ से कहा कि तुम्‍हारे घर में मां-बेटी नहीं है क्‍या. यह सुनते ही आरोपी अधेड़ बुरी तरह से बिफर गया. उसने पीडि़ता को गालियां देना शुरू कर दिया. इसके बाद यह बात इस कदर बिगड़ गई कि पीडि़ता और आरोपी ने एक दूसरे पर चप्‍पल बरसाने शुरू कर दिए. इसी बीच, बुरी तरह से बौखलाए आरोपी ने पीडि़ता को चलती ट्रेन से धक्‍का दे दिया. खुद को चलती ट्रेन से बाहर गिरता देख पीडि़ता ने इधर-उधर कुछ पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसकी हर कोशिश नाकाम रही. वह उछलते हुए ट्रेन से बाहर निकल गई और दो डिब्‍बों के बीच ट्रैक में आ गिरी.

संभलने का भी नहीं मिला मौका
ट्रैक में गिरने के बाद भी उसे संभलने का मौका नहीं मिला और उसके हाथ के ऊपर से ट्रेन गुजर गई. पीडि़ता ने अपनी यह आपबीती पुलिस को 6 नवंबर को दिए बयान में बताई थी. पीडि़ता के बयान के बाद मामले की जांच की दिशा पूरी तरह से बदल गई. पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की. लोकल ट्रेन के पूरे रूट को खंगाला गया. रास्‍ते में पड़ने वाले सभी रेलवे स्‍टेशनों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई. एक लंबी कवायद के बाद पुलिस के हाथ वह सीसीटीवी लग गई, जिसमें यह शख्‍स साफ साफ नजर आ रहा था.

पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्‍ट
पीडि़ता की तरफ से शिनाख्‍त पुख्‍ता होने के बाद पुलिस ने आरोपी शख्‍स की तलाश शुरू कर दी. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भायंदर जीआरपी और वसई रोड आरपीएफ की ज्‍वाइंट टीम बनाई गई. करीब तीन दिन तक चली लंबी कवायद के बाद पुलिस ने आरोपी को अरेस्‍ट कर लिया है. उसके खिलाफ भायंदर जीआरपी ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 117(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया है. आरोपी की पहचान पालघर जिले के नायगांव (ईस्‍ट) में रहने वाले 53 वर्षीय शख्‍स के तौर पर हुई है.

No comments