Recent Posts

Breaking News

'दीपावली पर घर आ जाओ.' मायके से नहीं लौटी पत्नी, नालंदा में वीडियो कॉल पर युवक ने दी जान

'दीपावली पर घर आ जाओ.' मायके से नहीं लौटी पत्नी, नालंदा में वीडियो कॉल पर युवक ने दी जान


बिहार के नालंदा जिले में दीपावली से पहले एक दर्दनाक घटना सामने आई है. पत्नी के मायके से ससुराल नहीं लौटने की बात को लेकर परेशान 22 साल के युवक ने कथित तौर पर वीडियो कॉल के दौरान आत्महत्या कर ली.


पति की हालत देखकर पत्नी घबरा गई और उसने तत्काल गांव के लोगों को फोन कर सूचना दी. ग्रामीणों ने घर पहुंचकर कमरे का दरवाजा तोड़ा और युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी.

घटना नालंदा थाना क्षेत्र के रंगीला बिगहा गांव की है. मृतक की पहचान राजेंद्र यादव के पुत्र विक्रम कुमार (22) के रूप में हुई है. विक्रम ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. जानकारी के मुताबिक, विक्रम की शादी करीब दो साल पहले नवादा जिले के रजौली निवासी प्रीति कुमारी (20) से हुई थी. दोनों का एक साल का बच्चा भी है.

करीब 15 दिन पहले प्रीति अपने मायके चली गई थी. दीपावली और छठ का त्योहार नजदीक आने पर विक्रम पत्नी को घर लौटने के लिए कह रहा था. वह चाहता था कि पत्नी और बच्चा उसके साथ रहकर त्योहार मनाएं. बताया जा रहा है कि पत्नी ने दीपावली पर ससुराल आने से इनकार करते हुए करीब दो महीने बाद लौटने की बात कही थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से फोन पर विवाद चल रहा था.

वीडियो कॉल के दौरान हुई घटना

परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम तक विक्रम सामान्य था. कुछ देर बाद परिवार के सदस्य घर से बाहर चले गए. इसी दौरान वह कमरे में गया और पत्नी से वीडियो कॉल पर बातचीत करने लगा. आरोप है कि बातचीत के दौरान उसने आत्महत्या कर ली. पति की हालत देखकर पत्नी घबरा गई और उसने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी. सूचना मिलने पर गांव के लोग विक्रम के घर पहुंचे. कमरे का दरवाजा बंद होने पर उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया और युवक को नीचे उतारा. इसके बाद परिजन उसे पावापुरी स्थित वर्धमान आयुर्विज्ञान संस्थान ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.

मोबाइल फोन पुलिस ने किया जब्त

नालंदा थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि युवक की पत्नी मायके में थी और दोनों के बीच फोन पर विवाद हुआ था. पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त किया है. उसमें घटना से पहले का एक वीडियो भी मिला है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

दीपावली से ठीक पहले हुई इस घटना से रंगीला बिगहा गांव में शोक का माहौल है. विक्रम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पीछे पत्नी और एक साल का मासूम बच्चा रह गए हैं. जिस घर में त्योहार की तैयारियां होनी थीं, वहां अब मातम पसरा है.

No comments