Recent Posts

Breaking News

दूल्हे का नागिन डांस देख भड़की दुल्हन; बोली- नशेबाज से शादी नहीं करूंगी, बाराती घराती भिड़े!.

 

दूल्हे का नागिन डांस देख भड़की दुल्हन; बोली- नशेबाज से शादी नहीं करूंगी, बाराती  घराती भिड़े!


चौबेपुर थाना क्षेत्र के हुल्कापुर गांव में एक शादी उस समय टूट गई, जब दूल्हा शराब के नशे में धुत होकर जयमाल समारोह में पहुंचा। स्टेज पर चढ़ते ही वह संतुलन खोकर गिर पड़ा और अजीब हरकतें करने लगा। 

दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद बारातियों और लड़की पक्ष के लोगों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट की नौबत आ गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया।जानकारी के अनुसार, चौबेपुर के हुल्कापुर गांव में शोभन बेरी सवाई से बारात आई थी। शादी की रस्मों के तहत पहले तिलक की रस्म पूरी हुई, जिसके बाद बारात का स्वागत किया गया।

जयमाल समारोह के लिए जब दूल्हे को स्टेज पर बुलाया गया तो वह कथित रूप से शराब के नशे में था। स्टेज पर पहुंचते ही उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, इसके बाद वह नागिन डांस करने लगा, जिससे समारोह में मौजूद लोग हैरान रह गए। दूल्हे की इस हालत की जानकारी मिलते ही दुल्हन स्टेज पर पहुंची। उसने दूल्हे को नशे में देखकर तुरंत शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन के इस फैसले के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर चौबेपुर थाना पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना के बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया, जहां पूरे दिन पंचायत और समझौते का प्रयास चलता रहा। हालांकि दुल्हन अपने निर्णय पर अडिग रही। उसने साफ कहा कि वह शराब के नशे में धुत व्यक्ति के साथ अपना जीवन नहीं बिता सकती और किसी भी कीमत पर उससे शादी नहीं करेगी। चौबेपुर थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। प्रारंभिक जांच में दूल्हे के नशे में होने की बात सामने आई है। वहीं, लड़की पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि लड़के वालों ने शादी के दौरान एक लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की थी। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

No comments