Recent Posts

Breaking News

दुल्हन से ज्यादा Brezza को अहमियत! मनपसंद कार नहीं मिली तो दिल्ली पुलिस कांस्टेबल ने शादी से किया इनकार.

 

दुल्हन से ज्यादा Brezza को अहमियत! मनपसंद कार नहीं मिली तो दिल्ली पुलिस कांस्टेबल ने शादी से किया इनकार


सोनीपत: दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल पर आरोप है कि दुल्हन के परिवार की ओर से 13 लाख रुपये की मारुति ब्रेजा कार का इंतजाम न किए जाने पर उसने शादी से इनकार कर दिया और अपनी मां के साथ विवाह स्थल से चला गया।


दुल्हन के परिवार ने दावा किया है कि उन्होंने दूल्हे के लिए 9.5 लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार बुक कराई थी।

जानें पूरा मामला

शादी 20 नवंबर को हरियाणा के सोनीपत में मामचंद वाटिका में होनी थी। दोनों परिवारों ने करीब 6 महीने पहले विवाह तय किया था। दुल्हन के पिता सुभाष कुमार ने सोनीपत पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि उन्होंने दूल्हे के लिए हुंडई ऑरा कार बुक कराई थी। हालांकि, कुलदीप नाम के दूल्हे ने यह कहते हुए ब्रेजा की मांग की कि उसे उसके लिए बुक की गई कार पसंद नहीं है। कुमार ने बताया कि उन्होंने उस कार की बुकिंग कैंसिल कर दी और ब्रेजा की तलाश शुरू कर दी। लेकिन कुछ शोरूम में कार उपलब्ध न होने के कारण वह उसका इंतजाम नहीं कर सके।

शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया कि उनके परिवार ने दूल्हे के परिवार के लिए सोफा और अलमारी समेत अच्छी गुणवत्ता का फर्नीचर तैयार कराया था। उन्होंने दूल्हे के लिए दो तोले की सोने की चेन, उसकी मां के लिए चार तोले के सोने के झुमके और चांदी की पायल का भी इंतजाम किया था।

दूल्हे के परिवार ने भाई-भाभी के लिए की आभूषणों की मांग

दुल्हन के पिता ने आरोप लगाया कि दूल्हे के परिवार ने उसके भाई और भाभी के लिए भी आभूषणों की मांग की थी, इसके बाद उन्होंने एक सुनार को आभूषण बनाने का ऑर्डर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि दूल्हे के परिवार के कहने पर उन्होंने 11,000 रुपये में सजी हुई घोड़ी और 13,500 रुपये में डीजे का भी इंतजाम किया था। ये खर्च आम तौर पर दूल्हे के परिवार को उठाने होते हैं।

अपनी मां के साथ सादे कपड़ों में विवाह स्थल पर पहुंचा दूल्हा

20 नवंबर को शादी के दिन शाम करीब सवा सात बजे जब दूल्हा और उसकी मां सादे कपड़ों में विवाह स्थल पर पहुंचे, तो दुल्हन के पिता हैरान रह गए। शिकायत के मुताबिक, जब दूल्हे को विवाह स्थल पर ब्रेजा नहीं मिली, तो उसने दुल्हन के पिता सुभाष कुमार और दुल्हन के परिवार के अन्य सदस्यों को गालियां देना शुरू कर दिया।

सुभाष कुमार ने बताया कि उन्होंने दूल्हे और उसकी मां को समझाने की कोशिश की और उनसे शादी की रस्में पूरी करने का आग्रह किया। हालांकि, बार-बार समझाने के बावजूद दूल्हा और उसकी मां विवाह स्थल से चले गए।

पुलिस ने क्या कहा?

सोनीपत के पुलिस उपायुक्त जितेंद्र गहलावत ने सोमवार को बताया कि दुल्हन के परिवार की ओर से शिकायत मिली है। पुलिस ने बताया कि परिवार ने समुदाय के लोगों की मदद से मामले को सुलझाने की कोशिश करने के लिए एक दिन का समय मांगा है और तब तक कोई कार्रवाई न करने का अनुरोध किया है।

No comments