नहीं लौटेगा अब अब्बू... छठ पूजा के बीच तिरंगे में लिपटकर बलिया लौटा BSF जवान इरशाद, डेढ़ साल के मासूम की सूनी हुई दुनिया

बलिया जिले के फेफना क्षेत्र स्थित सिंहपुर गांव निवासी आशु मोहम्मद के पुत्र इरशाद अहमद सीमा सुरक्षा बल (BSF) में तैनात थे. परिजनों के मुताबिक, उनकी पोस्टिंग पंजाब के मोहाली में थी. जवान के शहीद की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
इरशाद चार भाइयों में सबसे बड़े थे. परिवार की जिम्मेदारियां उनके कंधों पर थीं. उनके परिवार में महज डेढ़ साल का एक मासूम बेटा है. जिस उम्र में बच्चे को पिता की उंगली पकड़कर चलना सीखना होता है, उसी उम्र में उसके सिर से पिता का साया उठ गया. माता-पिता ने जिस बेटे को अपने बुढ़ापे का सहारा समझा था, आज उसी को खोकर उनका रो-रोकर बुरा हाल है.
रविवार शाम जैसे ही इरशाद का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर उनके पैतृक गांव पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. ग्रामीणों, युवाओं और पूर्व सैनिकों ने अपने गांव के वीर सपूत को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी. BSF के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी को अंतिम सलामी दी. इसके बाद नमाज-ए-जनाजा अदा की गई और पूरे सम्मान के साथ उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया.
अंतिम विदाई के दौरान भारत माता की जय और इरशाद अहमद अमर रहें के नारे गूंजते रहे. एक तरफ देश की सेवा में अपना फर्ज निभाने वाले जवान को खोने का गम था, तो दूसरी तरफ परिवार के उजड़ने का दर्द. सिंहपुर ने अपने उस बेटे को खो दिया, जिसने वर्दी पहनकर देश की सेवा को अपना जीवन समर्पित कर दिया. पीछे छूट गया एक परिवार, बूढ़े मां-बाप और पिता की राह निहारने वाला डेढ़ साल का मासूम
No comments