Recent Posts

Breaking News

Chamba: स्वयंसेवकों को सिखाए आपदा से बचाव के गुर

स्वयंसेवकों को सिखाए आपदा से बचाव के गुर

चंबा : बचत भवन चंबा में दो दिवसीय कार्यशाला का समापन हो गया। कार्यशाला के समापन अवसर पर होमगार्ड डिप्टी कमांडेंट नितेन्द्र शर्मा ने स्वयंसेवकों को आपदा से बचने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि आपदा आने का किसी को पता नहीं होता है। आपदा अचानक आती है। चंबा जिला पहाड़ी क्षेत्र में बसा हुआ है। चंबा में मुख्य रूप से भूस्खलन का डर सबसे ज्यादा रहता है।

उन्होंने बताया कि अगर किसी घर में आग लगी है और वहां पर कोई आदमी घर में फंसा हुआ है तो पहले खुद का बचाव जरूरी है। उसके बाद घर में फंसे आदमी की मदद के लिए कदम उठाना चाहिए। जिला आपदा प्रबंधन के मुख्य सलाहकार नरेंद्र ने बताया कि जिले की हर पंचायत में आपदा से निपटने के लिए स्वयंसेवकों को तैयार किया जाएगा। इसी के तहत जिला आपदा प्रबंधन के सौजन्य से बचत भवन में दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विकास खंड चंबा की जडेरा, पलूंही, चकलू व चंडी पंचायतों के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कार्यशाला में इन लोगों को आपदा से निपटने के बारे में बताया गया। इस दौरान उन्हें आपदा आने पर लोगों का बचाव कैसे करना है तथा अगर आपदा आ जाए तो किन उपकरणों का इस्तेमाल करना है, उन उपकरणों को कैसे चलाया जाता है, इसके बारे में प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला के दौरान स्वयंसेवकों को दुर्घटना के दौरान दिए जाने वाले प्राथमिक उपचार के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर अग्निशमन विभाग के अधिकारी राजेन्द्र चौधरी भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि आग लगने के दौरान खुद व अपने घर के जरूरी सामान का बचाव कैसे करना है। मौके पर आपदा प्रबंधन के आईटी समन्वयक सुमित गुप्ता भी मौजूद रहे।

No comments