Recent Posts

Breaking News

गाजियाबाद में फिर दोहराई गई ‘ट्विशा शर्मा’ वाली स्क्रिप्ट : शादी के 6 महीने बाद फंदे से लटका मिला नीतू का शव, पति समेत 9 लोगों पर केस दर्ज

Gaziabad : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में त्विषा शर्मा जैसे मामला फिर से सामने आया है। शादी के महज छह महीने बाद ही विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, जिससे पूरा मामला हड़कंप मचा हुआ है। नंदग्राम थाना क्षेत्र में शनिवार शाम को 28 वर्षीय नीतू नामक विवाहिता का शव संदिग्ध स्थिति में फंदे पर लटका मिला। मृतका के परिवार वालों ने पति समेत नौ लोगों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस के अनुसार, बुलंदशहर के उडवल बनारस गांव निवासी देवेंद्र ने बताया कि उनकी बेटी नीतू की शादी बीते वर्ष 10 दिसंबर को रामनगर अटौर निवासी सुमित कुमार के साथ हुई थी। सुमित वसुंधरा में विद्युत निगम में संविदाकर्मी हैं। नीतू ने बीएड की पढ़ाई की थी और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी। परिवार का दावा है कि शादी में करीब 15 लाख रुपये खर्च किए गए थे, जिसमें घरेलू सामान, सोने-चांदी के जेवर और दहेज में एक बुलेट बाइक भी शामिल थी।

हालांकि, शादी के बाद से ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। इस बात को लेकर नीतू को लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। शनिवार को आरोप है कि पति, सास-ससुर और अन्य रिश्तेदारों ने मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद संदिग्ध रूप से शव को मकान की तीसरी मंजिल पर लगी स्टील की रेलिंग से साड़ी के फंदे के सहारे लटका दिया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। स्वजन का आरोप है कि घटना की सूचना उन्हें तुरंत नहीं दी गई।

परिवार के सदस्य किसी परिचित की जानकारी मिलने के बाद गाजियाबाद पहुंचे और थाने पर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति सुमित कुमार, ससुर फेरू सिंह, सास अनिता, मौसी शीला, प्रियंका, अंशुल, ननद अंबिका और जेठ रोहित व राहुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपित पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने फिर से दहेज हत्या की कड़वी सच्चाई को उजागर कर दिया है, और मामले की जांच जारी है।

No comments