Chamba: भरमौर चौक के पास युवकों से पकड़ी चरस

चंबा –स्टेट नारकोटिक्स क्राइम/कंट्रोल यूनिट कांगड़ा की टीम ने भरमौर चौक के समीप 374 ग्राम चरस सहित दो युवकों को दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर हवालात में बंद कर दिया गया है। पुलिस आरोपियों से चरस खेप की खरीद- फरोख्त को लेकर पूछताछ कर रही है। आरोपियों को पुलिस रिमांड हेतु बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, स्टेट नारकोटिक्स क्राइम/कंट्रोल यूनिट कांगड़ा के एएसआई करतार सिंह की अगुवाई में मुख्य मानक आरक्षी मोहम्मद असलम, आरक्षी मनोहर व संजय ने नाका लगा रखा था।
इसी दौरान वहां से पैदल गुजर रहे दो युवक पुलिस टीम को देखकर घबरा गए। पुलिस को दोनों युवकों की गतिविधियां संदिग्ध दिखने पर संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए रोका गया। पुलिस की पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान सूरज शर्मा वासी भंडारी मोहल्ला और सूरज लूथरा वासी मोहल्ला उम्रपुरा तहसील बटाला जिला गुरदासपुर के तौर पर बताई। पुलिस ने दोनों युवकों की तलाशी लेने दौरान कब्जे से 374 ग्राम चरस बरामद की। आरोपियों के खिलाफ सदर पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। उधर, एसपी चंबा डा. मोनिका भुटुंगरू ने भरमौर चौक के पास 374 ग्राम चरस सहित दो युवकों के पकडे़ जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है।
No comments