Chamba: भगवान शिव की मूर्ति तोड़ने वालों पर हो कार्रवाई

चंबा – बजरंग दल चंबा ने भरमौर उपमंडल में भगवान शिव की प्रतिमा को नुकसान पहुंचने के बढ़ रही घटनाओं पर रोष प्रकट किया है। बजरंग दली ने इन घटनाओं को अंजाम देने वालों का पता लगाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को एसपी चंबा डा. मोनिका भुटुंगरू को ज्ञापन भी सौंपा। बजरंग दल चंबा के संयोजक रवि भारद्वाज ने कहा कि बीते दो दिनों में भरमौर के दो अलग-अलग स्थानों में भगवान शिव की प्रतिमा को नुकसान पहुंचने के मामले सामने आने से लोगों में काफी रोष है।
इससे पूर्व भी लाहल में भगवान शिव की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आ चुका है, जिसकी सूचना पहले भी पुलिस को देकर उचित कार्रवाई करने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक नुकसान पहुंचाने वालों का पता नहीं चल पाया है, जिसके चलते हिंदू समाज के जन भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि जल्द से जल्द मामले में संलिप्त दोषियों को पकड़कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। इस मौके पर पवन राणा, रिंकू, विजय शर्मा, हितेंद्र शर्मा व अभिलाष राणा आदि मौजूद रहे।
No comments