Himachal: रोहतांग में बर्फबारी, हिमाचल के 10 जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होते ही रोहतांग समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार को येलो और शनिवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की चेतावनी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में चार मार्च तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया है।
ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिले के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 28 फरवरी को अंधड़ और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। जबकि 29 फरवरी को अंधड़ के अलावा ओलावृष्टि, भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी है। गुरुवार सुबह रोहतांग के साथ बारालाचा, कुंजुम दर्रा के साथ जलोड़ी दर्रा में बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम खराब रहने के बावजूद बीआरओ का बर्फ हटाओ अभियान गुरुवार को भी जारी रहा। राजधानी शिमला में सुबह के समय बादल छाए रहे। दोपहर बाद शहर में हल्की धूप खिली। शाम होते ही शहर में धुंध छा गई है। प्रदेश के मैदानी जिलों में मौसम साफ रहा। गुरुवार को अधिकतम तापमान भी सामान्य से कम दर्ज हुआ।
ऊना में अधिकतम तापमान 26.0, बिलासपुर में 22.5, कांगड़ा में 22.4, हमीरपुर में 22.0, सुंदरनगर में 21.8, चंबा में 21.5, सोलन में 20.0, नाहन में 18.7, भुंतर में 18.5, धर्मशाला में 16.2, शिमला में 14.6, कल्पा में 10.4, डलहौजी में 9.4 और केलांग में 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
क्षेत्र न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
केलांग - 4.9
मनाली 0.8
कुफरी 2.1
कल्पा 2.8
शिमला 4.8
No comments