कांशीराम कॉलोनी हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई तेज: आरोपी राहुल पर मुकदमा दर्ज, मेरठ में चल रहा इलाज..

Bijnor : कांशीराम कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका कशिश की मां शाहीन की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी राहुल के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं घायल आरोपी का इलाज मेरठ में पुलिस निगरानी में चल रहा है।
घटना मंगलवार को कांशीराम कॉलोनी के ब्लॉक-55 स्थित मकान में हुई, जहां कशिश (पुत्री जाकिर) घर पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपी राहुल घर में घुसा और धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि घटना के समय मृतका की मां शाहीन अपनी छोटी बेटी नमीरा को लेने अंबाला गई हुई थीं।
घटना के बाद मौके पर भीड़ जुटने लगी तो आरोपी राहुल ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और खुद को भी घायल कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ रेफर कर दिया गया, जहां पुलिस की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। बुधवार को अस्र की नमाज के बाद कशिश के शव को मोहल्ला मिर्दगान स्थित बड़े कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष जाकिर हुसैन ने निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शहर कोतवाली प्रभारी रामप्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
No comments