Himachal: परिवहन मंत्री के खिलाफ भड़की एचआरटीसी संयुक्त समन्वय समिति

हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति परिवहन मंत्री के खिलाफ भड़क गई है। समिति का कहना है कि सरकार को बने दो साल हो गए हैं, लेकिन अभी तक कर्मचारियों की जेसीसी नहीं हुई है। कर्मचारियों की मांगें जस की तस हैं। अगर मंत्री समय पर जेसीसी की बैठक नहीं बुलाते हैं तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। वीरवार को इन सभी मसलों को लेकर समिति ने बैठक बुलाई।
इसकी अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष सत्य प्रकाश ने की। बैठक में चर्चा हुई कि सरकार व निगम प्रबंधन परिवहन निगम के दिन-रात कार्य करने वाले कर्मचारियों की सुध नहीं ले रहे हैं। लंबे समय से निदेशक मंडल की बैठक को बार-बार स्थगित किया जा रहा है।
निदेशक मंडल की बैठक में ही कर्मचारियों की अनेकों मांगें जैसे पीस मील कर्मचारियों के लिए पॉलिसी, अनुबंधित चालकों परिचालकों को भी अन्य कर्मचारियों की तरह वेतनमान देना, तकनीकी कर्मचारियों के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में संशोधन करना, चालकों को वरिष्ठ चालक का पदनाम देना, विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों को पदोन्नत करना, सेवारत व सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लगभग 400 करोड़ की रुकी देय राशि की अदायगी करना, चालकों परिचालकों को प्रतिमाह की 22 तारीख को नाइट ओवरटाइम जारी करना जैसी कई मांगें पूरी होने की उम्मीद है।
समन्वय समिति ने निर्णय लिया कि शीघ्र कर्मचारियों की समस्याओं से संबंधित संशोधित मांग पत्र निगम प्रबंधन को सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन किया जाएगा। बैठक में सचिव विद्या सागर, उपाध्यक्ष उमेश शर्मा, हरी लाल, यश पाल, देसराज, अब्दुल रजाक, ऋषि कुमार, नानक शांडिल, हितेंद्र कंवर, गोपाल लाल, मान सिंह, कृष्ण चंद, कांशीराम, अनिल कुमार आदि पदाधिकारी मौजूद रहे
No comments