Himachal: मिस हिमाचल वैशाली नेगी जल्द उड़ाएंगी हवाई जहाज

हौसले बुलंद हों तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। जी हां, ऐसा ही कुछ किन्नौर जिले के कानम गांव की बेटी वैशाली नेगी ने किन्नौर जिले की पहली एयर एशिया में कामर्शियल पायलट बनकर साबित किया है। जनजातीय जिला किन्नौर से ताल्लुक रखने वाली वैशाली नेगी की इस कामयाबी से हिमाचल की अन्य लड़कियों को भी जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। वैशाली नेगी इससे पहले जेट एयरवेज में एयर होस्टेस काम कर चुकी हैं। कठिन परिश्रम और लगन के बलबूते वैशाली का एयर एशिया में कार्मशियल पायलट के लिए चयन हुआ है। वैशाली इन दिनों मलयेशिया में 45 दिन का प्रशिक्षण हासिल कर रही हैं। प्रशिक्षण लेने के बाद वह बतौर पायलट कमान संभालेंगी।
वैशाली के पिता जयचंद नेगी और माता निर्मला नेगी ने बताया कि उनकी बेटी ने दसवीं कक्षा तक की पढ़ाई कान्वेंट स्कूल ताराहाल शिमला और जमा दो की परीक्षा सैनिक पब्लिक स्कूल डगशाई से हासिल की है। वैशाली में बचपन से ही कुछ करने का जज्बा था। इस कारण 2012 में मिस हिमाचल का खिताब भी अपने नाम किया था। वैशाली के पिता दूरदर्शन शिमला से बतौर एसडीओ सेवानिवृत्त हुए हैं। माता हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम में बतौर अनुभाग अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हैं। वैशाली के भाई नवनीत नेगी वर्तमान में स्टार इंडिया में वाइस प्रेजिडेंट के पद पर हैं। वैशाली के चाचा रामकृष्ण नेगी एयर इंडिया में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि उनकी भतीजी किन्नौर जिले से पहली कामर्शियल पायलट बनी हैं। इस कामयाबी से प्रदेश की अन्य बेटियों को भी प्रेरणा मिलेगी। क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
No comments