Recent Posts

Breaking News

Mandi: कुल्लू में गत्ता फैक्ट्री में लगी आग, दो करोड़ रुपये का नुकसान

Fire breaks out at cardboard Factory in Shamshi in kullu in himachal pradesh

जिला कुल्लू के शमशी स्थित औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार रात करीब 12 बजे एक गत्ता फैक्ट्री में आग लग गई। घटना से करीब दो करोड़ का नुकसान हुआ है। हालांकि आग की घटना में किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि 16 घंटे तक कहीं-कहीं पर चिंगारी सुलगती रही। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। साथ ही लगभग 25 करोड़ की संपत्ति को आग में जलने से बचाया है।

शमशी में महारानी पैकेजिंग इंडस्ट्री के नाम से गत्ता फैक्ट्री चल रही है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात पौने एक बजे सूचना मिली थी कि शमशी के औद्योगिक क्षेत्र में एक गत्ता फैक्ट्री में आग लगी है। इसके बाद टीम मौके के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने आग पर काबू पाने की कोशिश की।

लेकिन गत्ता होने के कारण इसमें आग भड़कती रही। करीब 16 घटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गत्ता फैक्ट्री में आग से मशीनें, सेब कार्टन और विभिन्न प्रकार के बनाए गए गत्ते जलकर राख हो गए हैं। आग की सूचना से ही यहां पर अफरातफरी मच गई। साथ लगते भवनों के लोग बाहर दौड़े। गौर रहे कि एक सप्ताह के अंदर इस क्षेत्र में यह आग की दूसरी बड़ी घटना है। 

पूरी रात आग पर पाते रहे काबू
रात भर अग्निशमन विभाग में फायर ऑफिसर प्रेम भारद्वाज ने कहा कि शमशी औद्योगिक क्षेत्र में एक गत्ता फैक्ट्री में आग लगी, जिससे दो करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है। रात के समय भड़की आग के बाद अग्निशमन विभाग कुल्लू की टीम रातभर मौके पर काबू पाने में लगी रही। 16 घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

No comments