Mandi: रोजगार नहीं मिला तो करेंगे आमरण अनशन

पार्वती परियोजना चरण तीन में मांगों के समर्थन में सातवें दिन भी अनशन जारी रहा। ग्रामीणों को अभी तक सरकार का साथ न मिला हो लेकिन जिला के तमाम संगठनों के अलावा विभिन्न जनप्रतिनिधि प्रभावितों को समर्थन दे रहे हैं। हालांकि स्थानीय विधायक समेत प्रदेश सरकार की ओर से किसी तरह का कोई साथ न मिलने से प्रभावित आहत हैं।
लारजी पंचायत की प्रधान कांता देवी ने बताया कि ग्रामीण सात दिन से अनशन कर रहे हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि जब तक पार्वती परियोजना चरण तीन पंचायत के बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान नहीं करती है तब तक वे पीछे नहीं हटेंगे। अगर सरकार व प्रशासन का यही रवैया रहा तो लारजी पंचायत के प्रतिनिधि आमरण अनशन पर बैठेंगे।
वीरवार को सातवें दिन अनशन पर बैठे ग्रामीणों से मिलने जिला परिषद अध्यक्षा रोहिणी चौधरी, खाड़ा गाड़ वार्ड के जिला परिषद सदस्य दुष्यंत ठाकुर पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे लारजी पंचायत के ग्रामीणों के साथ है। इस मौके पर आरती देवी, निर्मला देवी, ममता देवी आदि मौजूद रहीं।
लारजी पंचायत के जनप्रतिनिधि और जनता हक की लड़ाई लड़ रही है। जिला पंचायतीराज प्रमुख होने के नाते मेरा सहयोग स्थानीय जनता के साथ है। परियोजना प्रबंधन और जिला प्रशासन से दो बार वार्ता विफल हो चुकी है। मामला सीएम के समक्ष उठाया जाएगा।
-रोहिणी चौधरी, अध्यक्षा जिला परिषद कुल्लू ।
No comments