Recent Posts

Breaking News

Shimla: विक्रमादित्य की CM जयराम को नसीहत, बोले-वीरभद्र सिंह से शासन-प्रशासन चलाने की लें सीख

vikramaditya singh target on cm jairam

शिमला: विधायक विक्रमादित्य सिंह ने आरोप लगाया है कि गुटबाजी में बंटी भाजपा के आगे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बेबस नजर आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कारण मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल विस्तार नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने सरकार पर अफसरशाही के दबाव में आकर काम करने का आरोप भी लगाया जिससे प्रदेश के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री को सार्वजनिक मंचों पर कहना पड़ रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार जल्द होगा। हालांकि मंत्रिमंडल विस्तार कब होगा, इस पर वह कोई निर्णय नहीं ले पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा में मंत्री बनने के सपने संजोए नेता समर्थकों के साथ मिलकर ताने-बाने जरूर बुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सब भाजपा का अंदरूनी मामला है लेकिन मंत्रिमंडल विस्तार न होने के कारण प्रदेश के विकास कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के लोगों को ऐसा कोई भी संदेश देने में अब तक सफल नहीं हुई है जिससे लोगों को लगे कि प्रदेश सरकार उनके लिए कोई बेहतर काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का महंगाई पर कोई नियंत्रण नहीं है और न लोगों को कोई राहत दे पा रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को शासन और प्रशासन चलाने की कुछ सीख पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने अपने शासनकाल में जिस प्रकार से बिना किसी भेदभाव के प्रदेश का विकास किया, उससे लोग आज भी उनके मुरीद हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को सलाह दी है कि प्रदेश हित और जनहित को तरजीह देते हुए उन्हें ऐसे किसी भी निर्णय से गुरेज नहीं करना चाहिए, जिसमें लोगों का कल्याण जुड़ा हो। महंगाई और बेरोजगारी 2 ऐसे मुद्दे हैं जिन्हें दूर करने के सभी उपाय करना जरूरी है। प्रदेश को आर्थिक संकट से उबारने के उपाय भी जल्द किए जाने चाहिए।

No comments