Shimla: पुनर्मूल्यांकन परिणाम घोषित न करने पर एसएफआई ने परीक्षा नियंत्रक को घेरा

यूजी के छात्रों का पुनर्मूल्यांकन परीक्षा परिणाम घोषित न करने से खफा एसएफआई कार्यकर्ताओं ने वीरवार को परीक्षा नियंत्रक का घेराव किया। इकाई अध्यक्ष रविंद्र चंदेल और सचिव गौरव नाथन की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने विवि की परीक्षा और परिणाम संबंधित प्रणाली को सुधारने तथा लटके पड़े परीक्षा परिणामों को जल्द घोषित करने की मांग को उठाया।
परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाने और बीएड के द्वितीय सेमेस्टर का परिणाम घोषित करने की मांग भी परीक्षा नियंत्रक से की। नाथन ने कहा कि परिणाम के लिए महीनों इंतजार करना पड़ रहा है। विवि लच्चर कार्यप्रणाली के कारण प्रदेशभर के हजारों यूजी छात्र परेशान हो रहे हैं। कहा कि विवि में चल रही नॉन टीचिंग स्टाफ की किल्लत भी परिणाम में देरी की वजह है। बार-बार मांग उठाए जाने के बावजूद अब तक गैर शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू ही नहीं हो सकी है।
विवि की परीक्षा शाखा के काम को निजी और आउटसोर्स करने का भी एसएफआई ने पुरजोर विरोध किया तथा इनके स्थान पर स्थायी समाधान के रूप में नियमित भर्ती करने की प्रशासन से मांग की गई। गौरव ने कहा कि बीएड दूसरे सेमेस्टर के परिणाम का भी छात्र लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं, इसे भी जल्द घोषित किया जाए। उन्होंने परीक्षा नियंत्रक से पुनर्मूल्यांकन परीक्षा परिणाम घोषित करने और परीक्षा फार्म भरने की तिथि जल्द घोषित किए जाने की मांग करते हुए चेताया कि यदि ऐसा न किया तो एसएफआई आंदोलन छेड़ देगी।
No comments