Recent Posts

Breaking News

Mandi: अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के लिए 14 फरवरी को रवाना होंगे कमरूनाग, हर तरफ रहेगी पुलिस की नजर

international shivaratri festival

सुंदरनगर: अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2020 का शुभारंभ करने के लिए जनपद के अधिष्ठाता बड़ा देव कमरूनाग आगामी 14 फरवरी को अपने निवास स्थल गोत-धंग्यारा से छोटी काशी मंडी केे लिए रवाना होंगे। देव कमरूनाग का 21 फरवरी को मंडी में राजदेवता माधो राय के साथ भव्य मिलन होगा। इसके बाद देवता टारना मंदिर में विराजमान रहेंगे। अपने इस 7 दिनों के सफर को देवता देवलुओं संग पैदल ही तय करेंगे। वहीं देव कमरूनाग कमेटी और देवलुओं ने मंडी प्रस्थान करने को लेकर सभी तैयारियों को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है।

पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के साथ देवता कारदारों एवं देवलुुओं के साथ मंडी पहुंचेंगे। इसके बाद शिवरात्रि महोत्सव विधिवत तौर पर शुरू होगा। देवता के कारदार भीष्म ने देवता के प्रस्थान करने की पुष्टि की है। बता दें कि बड़ा देव कमरूनाग जब तक मंडी नहीं पहुंचते हैं, तब तक शिवरात्रि के कारज शुरू नहीं होते हैं। देव कमरूनाग के मंडी पहुंचते ही डीसी मंडी उनका स्वागत करते हैं। इसके बाद देवता भगवान माधव राय से भव्य मिलन करते हैं। देव कमरूनाग महाशिवरात्रि पर्व के सबसे बड़े देवता है और इनकी हाजिरी के बगैर मंडी शिवरात्रि शुरू नहीं होती है।

करीब एक माह की मेहमान नवाजी के साथ देवता का मंडी शिवरात्रि दौरा रहता है। इसमें देव अपने भक्तों के घरों में शिरकत करते हैं और उन्हें आशीर्वाद देते हैं। पशु बलि बंद होने के बाद देवता जिला प्रशासन से नाराज भी हो गए थे। मगर उन्हें नारियल से मना लिया गया था। देवता के अपने गोहर के कांंढी स्थित निवास स्थान से निकलते ही देव कमरूनाग की सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी तैनात कर दिए जाएंगे और देवता की रवानगी के साथ देवता को पुलिस सुरक्षा मुहैया करवाई जाएगी। वहीं मेले में देव कमरूनाग की सुरक्षा के लिए पुलिस साथ रहेगी।

No comments