Una: भगवान शिव के रंग में रंगा शहर

ऊना : शहर में शिव महिमा क्लब ऊना की ओर से महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य पर विशाल शोभायात्रा निकाली गई। करनाल से आए कलाकारों ने भगवान की झांकियां निकालकर कर भोलेनाथ की महिमा का बखान किया। शोभायात्रा में दक्षिण भारत की तर्ज पर श्रीराम भक्त हनुमान की झांकी भी निकाली गई।करनाल से आए कलाकारों ने भगवान शिव शंकर, माता पार्वती व माता काली की झांकियां निकालीं। कलाकार डीजी की धुनों पर भोलेनाथ के भजनों पर झूमे।
स्थानीय कलाकारों ने भी भगवान के अवतारों को लेकर झांकियां निकाली जिसे देखने के लिए पूरे शहर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ गई। भव्य शोभायात्रा के दौरान वाहन चालकों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन की तरफ से व्यापक प्रबंधक किए गए थे।
वहीं जिलेभर में शुक्रवार को मनाए जाने वाले महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शिव मंदिरों में आयोजकों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। क्षेत्र के सभी शिवालयों में बुधवार से लेकर शनिवार तक धार्मिक आयोजन होंगे। जिले के प्रमुख ऐतिहासिक शिव मंदिरों में महादेव मंदिर अपर कोटला कलां, ध्यूंसर महादेव मंदिर तलमेहड़ा, आचार्य द्रोण मंदिर शिवबाड़ी अंबोटा, प्राचीन बनोड़े महादेव मंदिर चताड़ा, चितपूर्णी छिन्नमस्तिका धाम, नीलकंठ महादेव मंदिर अम्ब, डेरा बाबा रुद्रानंद नारी, शिव मंदिर जोगी पंगा, पंजाब सीमा क्षेत्र में स्थित सोमेश्वर मंदिर स्वामीपुर बाग, शिवमंदिर मौजोवाल व बाबा सोमनाथ मंदिर हरोली समेत विभिन्न मंदिरों में शुक्रवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो जाएगी।
No comments