चुनाव नतीजे को अदालत में देंगे चुनौती

उद्धव सेना का आरोप; ईवीएम का खेल है रिजल्ट, भाजपा तो 40 सीट भी नहीं जीत पाती
उद्धव सेना के नेता आदित्य ठाकरे ने कहा है कि यदि ईवीएम से चुनाव नहीं होता तो भाजपा 40 सीटें भी नहीं जीत पाती। उन्होंने कहा कि हम मुंबई उत्तर पश्चिम सीट पर जीत रहे थे, लेकिन बेईमानी कर ली गई। उन्होंने कहा कि हम इस चुनावी नतीजे को अदालत में चुनौती देंगे। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह इलेक्शन कमीशन नहीं है, बल्कि ‘इजिली कम्प्रोमाइज्ड’ है। उन्होंने कहा कि ईवीएम नहीं होती तो भाजपा वाले 40 सीटें भी नहीं जीत पाते। इससे पहले भी उद्धव सेना ने शनिवार को चुनाव आयोग पर हमला बोला था और कहा था कि उसका रवैया चिंताजनक है।
मुंबई उत्तर पश्चिम सीट पर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को महज 48 वोटों से जीत मिली थी।
उसके कैंडिडेट रविंद्र वायकर की जीत पर सवाल उठ रहे हैं। हाल ही में एक वीडियो सामने आया था, जिसके मुताबिक वायकर के एक रिश्तेदार काउंटिंग वाले दिन मतगणना स्थल के अंदर ही मोबाइल चला रहे थे। आरोप लग रहे हैं कि उन्होंने मोबाइल से ईवीएम को हैक कर लिया था। इन आरोपों को लेकर ही उद्धव सेना हमलावर है। इस मामले में उद्धव सेना के कैंडिडेट रहे अमोल कीर्तिकर ने पुलिस में शिकायत भी दी है। अब उनके नेता आदित्य ठाकरे ने एक कदम और आगे बढ़ते हुए अदालत जाने की बात कही है।
No comments