Recent Posts

Breaking News

बारालाचा दर्रे पर सैलानियों की मस्ती, पहाड़ों को दौड़े पर्यटक, शिमला-धर्मशाला-डलहौजी पैक

 

गर्मी से राहत पाने के लिए पहाड़ों को दौड़े पर्यटक, शिमला-धर्मशाला-डलहौजी पैक


मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। बारालाचा दर्रे पर बर्फ जमी हुई है ऐसे में पर्यटक यहां आकर जमकर अठखेलियां कर रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में इन दिनों अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री चल रहा है। मैदानी राज्यों में पारा 40 से 45 डिग्री के बीच पहुंच गया है। राजधानी शिमला, मनाली, डलहौजी, कसौली और धर्मशाला के अधिकांश होटलों में इन दिनों सैलानियों की ऑक्यूपेंसी फुल चल रही है। सोमवार को जिला मुख्यालय धर्मशाला के आसपास के क्षेत्रों में बारिश हुई है, जिससे लोगों को गर्मी से निजात मिली है।

इसके साथ ही किसानों ने भी ली राहत की सांस ली है। धर्मशाला में दिन में अधिकतम तापमान 40 के पार पहुंच चुका था, लेकिन बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में 18 से 21 जून तक बारिश के आसार हैं।

हफ्ते में 74918 गाडिय़ां अटल टनल के आर-पार

मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए हजारों सैलानी हिमाचल का रुख कर रहे हैं। मनाली आ रहे पर्यटक लाहुल की ठंडी वादियों का भी रुख कर रहे हैं। हर रोज हजारों पर्यटक लाहुल-स्पीति की सैर करने निकल रहे हैं। एक सप्ताह में 74,918 वाहन अटल टनल के आर-पार हुए। प्रतिदिन लाहुल की ओर जाने वाले वाहनों का आंकड़ा भी 4,000 के आसपास पहुंच रहा है।

रोहतांग-सिस्सू-कोकसर में उमड़ी भीड़

मनाली आने वाले पर्यटक रोहतांग के अलावा सिस्सू और कोकसर में भी जमकर मस्ती कर रहे है। पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक अटल टनल रोहतांग से एक सप्ताह में 74,918 पर्यटक वाहन आरपार हुए। इनमें 30,031 वाहन लाहुल गए जबकि 44,887 मनाली की ओर आए। एसपी लाहुल-स्पीति मयंक चौधरी ने कहा कि पिछले एक सप्ताह में अटल टनल रोहतांग होकर रोज 9,000 से लेकर 14,000 वाहन आर पार हुए हैं।

No comments