दिल्ली पुलिस के एनकाउंटर में मारा गया 19 साल का रॉकी, बस दिखने में था बच्चा

दिल्ली के गोविंदपुरी में पुलिस कॉन्स्टेबल किरनपाल की हत्या ने जहां पूरी राजधानी को सन्न कर दिया तो अब 19 साल के कातिल को देखकर भी लोग हैरान हैं। वह शनिवार रात पुलिस एनकाउंटर में मारा गया।
रॉकी संगम विहार इलाके का रहने वाला था। गिरफ्तार किए गए उसके दो साथियों से पूछताछ में पता चला है कि रॉकी उस रात शराब और ड्रग्स के नशे में था। उस रात किरनपाल की हत्या से पहले उसने 2 और लोगों के साथ लूटपाट की थी और चाकू से जख्मी भी किया था। पुलिस उन मामलों की जांच भी अलग से कर रही है। किरनपाल की हत्या के बाद रॉकी मौके से फरार हो गया। उसे पकड़ने के लिए स्पेशल कमिश्नर आरपी उपाध्याय ने कई बड़े अधिकारियों को जल्द आरोपी को दबोचने को कहा।
स्पेशल सेल की एक टीम ने इंटेलिजेंस के आधार पर रॉकी को ट्रेस कर लिया। संगम विहार इलाके में लोकेशन मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। रॉकी की पहचान की पुष्टि होने के बाद उसे सरेंडर करने को कहा गया। लेकिन उसने पुलिस टीम पर बेहद नजदीक से फायरिंग कर दी। उसने 5 बार पुलिस टीम पर फायर किया। उसकी एक गोली एसआई आदेश के सीने से भी टकराई। गनीमत रही कि उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहना हुआ था। अपने बचाव में पुलिस ने भी रॉकी पर फायर किया। गोली लगने के बाद उसे तुरंत ओखला के ईएसआईसी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। रॉकी के कब्जे से .32 बोर का पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
रॉकी अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर भी अक्सर हाथ में पिस्टल लेकर तस्वीरें अपलोड करता था। किरनपाल की हत्या से एक दिन पहले उसने 'कॉलेज में कांड' कैप्शन के साथ एक वीडियो अपलोड किया था। वह पंजाबी गानों पर डांस करते हुए भी वीडियो अपलोड करता था। बताया जाता है कि बचपन से ही वह गलत संगती में पड़ चुका था। धीरे-धीरे नशे की गिरफ्त में आ गया और फिर अपराध की दुनिया की ओर कदम बढ़ा चुका था। पुलिस अब उसके दोस्तों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
No comments