Recent Posts

Breaking News

TATA और MG की इलेक्ट्रिक गाडिय़ों ने उड़ाया गर्दा, बनीं जनता की पहली पसंद

नई दिल्ली। देश में इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की बिक्री में इस साल नवंबर में सालाना आधार पर 62 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि दुपहिया में 2.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। यात्री वाहनों में कारों, उपयोगी वाहनों और कैब को शामिल किया जाता है। 

वाहन डीलरों के संगठन सियाम के मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, नवंबर 2024 में देश में कुल 9,174 इलेक्ट्रिक वाहन बिके थे। इस साल नवंबर में यह संख्या बढक़र 14,850 इकाई पर पहुंच गई। इस प्रकार इसमें 61.87 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

इसमें टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने 6,153 और जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने 3,693 वाहन बेचे हैं। दुपहिया ई-वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 2.51 प्रतिशत घटकर 1,16,982 इकाई रह गई। इसमें 30,347 इकाई के साथ टीवीएस मोटर पहले और 25,565 के साथ बजाज ऑटो दूसरे स्थान पर रही।

तिपहिया ई-वाहनों की बिक्री में 31.99 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह एक साल पहले के 63,400 से बढक़र नवंबर 2025 में 83,683 पर पहुंच गया। इसमें 10,779 इकाई के साथ महिंद्रा समूह पहले और 8,765 इकाई के साथ बजाज ऑटो दूसरे स्थान पर रही। नवंबर में देश में कुल 1,698 ई-वाणिज्यिक वाहन बिके जो 203 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

No comments