लाहुल की चोटियों पर ताजा हिमपात, रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा, कुंजुम दर्रे ने ओढ़ी सफेद चादर

लाहुल-स्पीति के ऊंचे इलाकों में रविवार को ताजा बर्फबारी हुई है। बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लाहुल के निचले क्षेत्रों में बर्फबारी नहीं हुई। हालांकि ठंड काफी महसूस की गई। चोटियां बर्फ से सफेद हो गई है। पश्चिमी विक्षोभ का असर अब तेज होने लगा है। रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा व कुंजुम दर्रे सहित चंद्रताल झील में ताजा हिमपात हो गया है। ऊंची चोटियों में हालांकि गत तीन दिनों से हिमपात हो रहा है, लेकिन निचले क्षेत्र में अभी भी इंतजार है। 22 जनवरी से प्रदेशभर में बारिश व बर्फबारी की संभावना बन रही है।
पर्यटन कारोबारियों सहित किसान-बागबानों के खेत खलियानों की अभी प्यास नहीं बुझी है। हालांकि लाहुल-स्पीति सहित मनाली घाटी में बादल छाए हुए हैं, जिससे हिमपात की उम्मीद बंधी हुई है। हिमपात की उम्मीद लिए पर्यटक भारी संख्या में कुल्लू-मनाली का रुख कर रहे हैं।
शिंकुला दर्रा पर्यटकों के लिए बंद
प्रदेश में सबसे अधिक पर्यटकों की संख्या मनाली में दर्ज की जा रही है। बर्फबारी की उम्मीद में अटल टनल की ओर बढ़े पर्यटक पर्यटक सुबह ही बर्फ के फाहों की उम्मीद लिए अटल टनल, सिस्सू व दारचा की ओर रवाना हो गए हैं। शिंकुला दर्रा आज भी पर्यटकों के लिए बंद रही। हालात के हिसाब से लाहुल-स्पीति पुलिस पर्यटकों को फोर बाई फोर वाहनों में जांस्कर समदो मैदान में बीआरओ के ट्रांजिट कैंप तक भेज रही है। सप्ताहांत के चलते पर्यटन नगरी मनाली के होटलों में आक्यूपेंसी 60 से 65 प्रतिशत के बीच चल रही है।
मनाली में उमड़ा सैलानियों का सैलाब
होटल कारोबारी इंद्र ठाकुर ने बताया कि सप्ताहांत में पर्यटकों की आमद बढ़ी है। उन्होंने बताया कि हिमपात की उम्मीद लिए पर्यटक मनाली आ रहे है। होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि घाटी में बादल छाए हुए हैं। हिमपात की उम्मीद बढ़ी है। हिमपात होने की सूरत में पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटकों का सैलाब उमड़ेगा।
नदी-नालों में न उतरें पर्यटक
कुल्लू। लाहुल की बर्फीली वादियों के बीच पर्यटक नदी-नालों की तरफ जा रहे है। लाहुल पुलिस ने नदी-नालों की तरफ जाने वाले पर्यटकों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार को भी काफी संख्या में पर्यटक नदी में उतरे थे, जिन्हें पुलिस ने मौके पर जाकर हटाया।
No comments