हरदोई में 5 साल की बच्ची भागते पहुंची थाने फिर पुलिस ने बचा ली उसकी मां की जान, मासूम बेटी की हिम्मती कहानी चौंका देगी
UP News: उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक 5 साल की बच्ची ने अपनी मां की जान बचा दी. बच्ची की समझदारी और एक्शन से उसकी मां जिंदा बच गई, वरना उसके साथ कुछ भी हो सकता था. दरअसल महिला के घर में घुसकर उसपर हमला किया गया था. उसे बेरहमी से मारा जा रहा था. ये सब देख बच्ची डर गई. मगर उसने हिम्मत नहीं छोड़ी. वह घर से भागकर सीधे 200 मीटर दूर स्थित कोतवाली पहुंच गई और वहां जाकर चीखने और चिल्लाने लगी. इस दौरान हमलावरों ने बच्ची के पीछे पालतू कुत्ता भी छोड़ दिया. मगर बच्ची डरी नहीं.
बच्ची की हालत देख कोतवाली में मौजूद पुलिस अधिकारी सकते में आ गए. अनहोनी की आशंका को देखते हुए वह फौरन बच्ची को लेकर उसके घर पहुंचे और वहां बच्ची की मां को बचाया. मौके पर पुलिस ने हमलावरों को भी हिरासत में ले लिया.
कौन थे हमलावर?
ये मामला कोतवाली शहर क्षेत्र के नुमाइश पुरवा से सामने आया है. यहां पूजा श्रीवास्तव अपनी 5 साल की मासूम बच्ची के साथ रहती हैं. उनके पति अभिषेक श्रीवास्तव का निधन हो चुका है. अब पति के पैतृक मकान को लेकर पति के मामा विनोद श्रीवास्तव से पूजा का विवाद चल रहा है.
मिली जानकारी के मुताबिक, पूजा के पति ,ससुर और सास की मौत हो चुकी है. पूजा का आरोप है कि उनकी संपत्ति पर उनके ममेरे ससुर ने कब्ज़ा कर रखा है. इसी के चलते बीते 1 फरवरी को पूजा ने विनोद, उनकी पत्नी संजू और बेटे उत्कर्ष के खिलाफ मारपीट व धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था. पीड़िता का आरोप है कि संपत्ति हड़पने के लिए फर्जी बैनामा कराया गया है.
बच्ची के सामने उसकी मां पर कर दिया हमला
बताया जा रहा है कि शनिवार को जब पूजा अपनी 5 वर्षीय बेटी यशी के साथ घर पहुंचीं तो उसपर समझौते का दबाव बनाया गया. विरोध करने पर पहले मासूम बच्ची पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया गया, जिससे वह घायल हो गई. इसके बाद पूजा को घेरकर बेरहमी से पीटा जाने लगा. घर के भीतर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
इसी दौरान बच्ची ने हिम्मत दिखाई. वह सहमी और घायल होने के बाद भी वहां से भागकर 200 मीटर दूर कोतवाली आ गई. वहां उसने पुलिसकर्मियों को बताया कि उसकी मां को घर में बंद करके पीटा जा रहा है. बच्ची की गुहार सुनकर पुलिस थाने में मौजूद पुलिस कर्मी तुरंत एक्टिव हो गए और वह बच्ची को लेकर फौरन मौके पर पहुंच गए.
पुलिस ने लिया एक्शन
बता दें कि पुलिस ने मौके पर ही महिला पर हमलावर उसके ममेरे ससुर विनोद और उसके बेटे उत्कर्ष को हिरासत में ले लिया. पुलिस को देखकर आरोपी भी हैरान रह गए. इसके बाद घायल पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करवाया. पुलिस ने अब दोनों आरपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है.
एसपी ने ये बताया
इस पूरे मामले को लेकर सुबोध गौतम (अपर पुलिस अधीक्षक) ने बताया, 5 साल की बच्ची पुलिस के पास आई थी. उसने बताया था कि कुछ लोग उसकी मां के साथ मारपीट कर रहे हैं. पुलिस मौके पर फौरन गई. देखा कि बच्ची सही कह रही थी. 2 लोग उसकी मां के साथ मारपीट कर रहे थे. दोनों को हिरासत में ले लिया गया है. बच्ची की मां सुरक्षित है. ये पूरा मामला जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ है.
No comments