Recent Posts

Breaking News

Airtel ने OTP लीक से होने वाले फ्रॉड रोकने के लिए नया AI आधारित सुरक्षा फीचर पेश किया

नई दिल्ली। एयरटेल ने स्पैम की समस्या से निपटने के अपने लगातार प्रयासों के तहत बुधवार को अपना नया एआई-पावर्ड फ्रॉड अलर्ट सिस्टम पेश किया। यह फीचर ग्राहकों को ओटीपी (वन-टाइम पासवर्ड) से जुड़े बैंकिंग फ्रॉड से रियल-टाइम में सुरक्षित रखने में मदद करेगा। 

कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि धोखेबाज आजकल डिलीवरी, कस्टमर सपोर्ट या अन्य रोजमर्रा की सेवाओं का बहाना बनाकर ग्राहकों पर जल्दी ओटीपी बताने का दबाव बनाते हैं और उनसे बैंकिंग ट्रांजैक्शन से जुड़ा ओटीपी साझा करवा लेते हैं। जैसे ही ओटीपी साझा किया जाता है, ग्राहक के बैंक खाते में जमा राशि खतरे में पड़ जाती है।

जब किसी संभावित जोखिम भरी इनकमिंग कॉल के दौरान बैंक द्वारा भेजा गया ओटीपी डिटेक्ट होता है, तो एयरटेल तुरंत ‘फ्रॉड अलर्ट’ के जरिए ग्राहक को चेतावनी देता है कि कॉल पर रहते हुए बैंकिंग ट्रांजैक्शन का ओटीपी साझा करना जोखिम भरा हो सकता है। एयरटेल इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी शाश्वत शर्मा ने कहा, “हम एयरटेल को एक सुरक्षित नेटवर्क बनाने के मिशन पर काम कर रहे हैं।

इस दौरान हमने महसूस किया है कि डिजिटल लेन-देन को सुरक्षित रखने में ओटीपी की अहम भूमिका होने के बावजूद, अपराधी अलग-अलग तरीकों से इसकी उपयोगिता को कमजोर कर रहे हैं। इसी को देखते हुए हमें एयरटेल के नेटवर्क स्तर पर एक महत्वपूर्ण तकनीकी प्रगति की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है, जिसे बैंकिंग फ्रॉड से सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए तैयार किया गया है।” कंपनी ने बताया कि यह समाधान फिलहाल हरियाणा में सक्रिय है और एयरटेल इसे अगले दो सप्ताह में अपने सभी ग्राहकों के लिए चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध करायेगा।

No comments