जिस जज ने सुनाई हत्यारे जयदीप और पिंटू को उम्रैकद की सजा उसके साथ इन्होंने कोर्ट रूम में जो किया वो जानकर हिल जाएंगे
Bijnor Court Verdict: मुकदमेबाजी की पुरानी रंजिश ने एक परिवार की जिंदगी उजाड़ दी थी और अब उसी रंजिश पर अदालत की मुहर लग गई है. 19 मई 2024 को धामपुर क्षेत्र में खेत पर काम कर रहे पुखराज सिंह की जिस बेरहमी से हत्या की गई, उसने पूरे इलाके को दहला दिया था. खेत से सड़क तक घसीटकर कार से कुचल देना, यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश थी. महीनों चली सुनवाई के बाद अब अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है. फैसला ऐसा, जिसने पीड़ित परिवार को इंसाफ दिया लेकिन अदालत कक्ष में तनाव भी भड़का दिया.
अदालत के फैसले से मचा हड़कंप
फोर्थ एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एवं सेशंस जज की अदालत ने आरोपी जयदीप और पिंटू चौहान को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है. दोनों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है. अदालत ने साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर यह माना कि यह हत्या प्री प्लांड थी और व्यक्तिगत रंजिश के चलते अंजाम दी गई.
सजा का ऐलान होते ही अदालत कक्ष का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. उम्रकैद की सजा सुनते ही दोनों दोषियों ने आपा खो दिया और जोर-जोर से शोर शराबा शुरू कर दिया. स्थिति तब और गंभीर हो गई जब उन्होंने खुलेआम जज को देख लेने की धमकी दे डाली. आरोपियों ने उत्तेजना में यहां तक कह दिया कि “जज साहब, हमें सब पता है आप कहां के रहने वाले हैं और आपके घर का रास्ता किन गलियों से होकर जाता है.” अदालत कक्ष में मौजूद लोगों के लिए यह पल बेहद असहज और चिंताजनक था. इस घटना के तुरंत बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई. जज की अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ा दी गई है वहीं अदालत परिसर में पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.
खेत से सड़क तक घसीटकर की गई निर्मम हत्या
सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता अजीत पंवार के अनुसार, मृतक की पत्नी रेनू ने थाना धामपुर में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि 19 मई 2024 को उनके पति पुखराज सिंह अपने खेत पर काम कर रहे थे. तभी कार से पहुंचे युवकों ने उन पर हमला कर दिया. पहले उनके साथ मारपीट की गई, फिर उन्हें घसीटते हुए सड़क तक लाया गया और कार से कुचल दिया गया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने कार में सवार पिंटू चौहान और ऋषिपाल की पहचान की थी.
दहेज विवाद बना हत्या की जड़
पुलिस विवेचना के बाद जयदीप और पिंटू चौहान के खिलाफ हत्या का आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया गया. सुनवाई के दौरान मृतक की बेटी अंजलि ने अदालत को बताया कि उसकी शादी जयदीप के भाई प्रदीप से हुई थी. ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था. अंजलि ने ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए थे, जिनकी पैरवी उसके पिता पुखराज सिंह कर रहे थे. अभियोजन पक्ष के अनुसार, इसी मुकदमेबाजी और रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से पुखराज सिंह की हत्या की.
No comments